राष्ट्रीय

बिहारः जदयू विधायक बीमा भारती के आरोपों पर बोले नीतीश कुमार- हर किसी को मंत्री नहीं बनाया जा सकता

बिहार में महागठबंधन सरकार के मंत्रिमंडल गठन के बाद जदयू विधायक बीमा भारती ने अपनी ही पार्टी की मंत्री लेशी सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अब उनके आरोपों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रतिक्रिया सामने आ गई है।

नई दिल्लीAug 18, 2022 / 01:15 pm

Prabhanshu Ranjan

Nitish Kumar Reacts on Bima Bharti Alligation says cant make Everyone Minister

बिहार की नवगठित महागठबंधन सरकार में मंत्री पद को लेकर जदयू विधायकों में मतभेद की बात सामने आई है। नीतीश की नई कैबिनेट में भी मंत्री बनाई गई लेशी सिंह पर उन्हीं के जिले की जदयू विधायक बीमा भारती ने गंभीर आरोप लगाते हुए हटाने की मांग की है। अब बीमा भारती के आरोपों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रतिक्रिया सामने आ गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीमा भारती के आरोपों का खंडन करते हुए दो-टूक कहा कि हर किसी को मंत्री नहीं बनाया जा सकता है।

नीतीश कुमार ने गुरुवार को पटना में मीडिया से बात करते हुए जदयू में बगावत की चर्चा पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बीमा भारती ने गलत बात की है। उन्हें ऐसी बात नहीं करना चाहिए था। सीएम ने कहा कि हर किसी को मंत्री नहीं बनाया जा सकता है। नीतीश ने कहा कि बीमा को पहले समझाया जाएगा, उन्हें इधर-उधर का मन हैं तो सोच ले। उल्लेखनीय हो कि बीमा भारती ने लेशी सिंह पर आपराधिक गिरोह चलाने और लेवी वसूलने का गंभीर आरोप लगाया था।


पूर्णिया के रुपौली विधानसभा सीट की विधायक बीमा भारती ने सवाल उठाते हुए कहा था कि लेसी सिंह को मंत्रिमंडल में क्यों शामिल किया गया है। बार-बार उन्हें क्यों मंत्री बनाया जाता है। बीमा भारती ने आरोप लगाया कि उनका कोई वोट बैंक नहीं है। फिर क्यो मंत्री बनाया गया है। बीमा भारती ने कहा कि लेसी सिंह पर कई आरोप हैं, उसके बाद भी उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।


लेसी सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए बीमा भारती ने यह तक कहा कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई या उनकी बात नहीं सुनी गई तो वो पार्टी से इस्तीफा दे देंगी। यानी इस्तीफे के बदले इस्तीफे की धमकी बीमा भारती ने दी है। अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद बीमा भारती के आरोपों का जवाब दे दिया है। इधर किडनैंपिग के आरोपी बिहार के कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह पर चल रहे विवाद पर तेजस्वी यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है।

यह भी पढ़ेंः विधायक बीमा भारती ने मंत्री लेशी सिंह पर लगाए वसूली और हत्या के आरोप

 


डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कार्तिकेय सिंह को लेकर चल रहे विवाद पर कहा कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया। कानून के तहत ही उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली। बता दें कि नीतीश कुमार की नई कैबिनेट में कानून मंत्री बनाए गए कार्तिकेय सिंह पर अपहरण का केस है। उन्हें किडनैपिंग के इस केस में जिस दिन सरेंडर करना था, उसी दिन उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली। जिसके बाद विपक्षी दलों ने उनसे इस्तीफे की मांग की थी।

यह भी पढ़ेंः अपहरण के आरोपी है बिहार के कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह, विरोध शुरू

Home / National News / बिहारः जदयू विधायक बीमा भारती के आरोपों पर बोले नीतीश कुमार- हर किसी को मंत्री नहीं बनाया जा सकता

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.