राष्ट्रीय

Prophet Row Protest in Ranchi: रांची में नमाज के बाद हुई हिंसा में दो लोगों की मौत, कर्फ्यू जारी, पूरे झारखंड में अलर्ट

Curfew in Ranchi: शुक्रवार को रांची में जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा में जख्मी हुए दो लोगों की मौत हो गई है। विधि-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए रांची के कई इलाकों में अभी भी कर्फ्यू लगा है। हेमंत सोरेन सरकार ने पूरे राज्य को अलर्ट किया है।

नई दिल्लीJun 11, 2022 / 09:50 am

Prabhanshu Ranjan

Prophet Row Protest in Ranchi 2 People Died Curfew Alert in Jharkhand

Curfew in Ranchi: पैगंबर मोहम्मद पर दिल्ली बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता द्वारा की गई टिप्पणी के खिलाफ शुक्रवार को देश के कई इलाकों में भीषण विरोध-प्रदर्शन हुआ। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर पथराव भी किया, वाहनों को क्षतिग्रस्त करते हुए उसमें आग भी लगाई। झारखंड की राजधानी रांची में जुमे की नमाज के बाद सड़कों पर उतरे हजारों प्रदर्शनकारियों ने जमकर बवाल मचाया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के साथ-साथ आम लोगों को भी निशाना बनाया।

हिंसक हुई भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज के साथ-साथ फायरिंग भी करनी पड़ी। इस हिंसा के दौरान कई लोग जख्मी भी हुए। जख्मी हुए दो लोगों की मौत रांची के रिम्स में इलाज के दौरान हो गई। जबकि 13 अन्य घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। दूसरी ओर इस घटना के बाद झारखंड सरकार ने पूरे राज्य के लिए अलर्ट जारी कर दिया है।

हिंसा कैसे भड़की, इसकी पुलिस कर रही जांच-
रांची के कई इलाकों में कर्फ्यू जारी है। इंटरनेट सेवा को बंद कर दी गई है। हिंसाग्रस्त इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है। मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। लेकिन पुलिस का कहना है कि हिंसा कैसे भड़की इसकी हम जांच कर रहे हैं। जांच के बाद जो भी दोषी होंगे उनपर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ेंः पैगंबर पर टिप्पणी को लेकर देश के कई शहरों में विरोध प्रदर्शन-हिंसा-आगजनी

सुजाता चौक से अलबर्ट एक्का चौक तक धारा 144-
रांची में सुजाता चौक से अलबर्ट एक्का चौक तक धारा 144 लागू है। अराजक तत्वों की तलाश के लिए टीम गठित कर पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है। रांची के DIG अनीश गुप्ता ने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में हैं। घटना कैसे हुई। इसकी जांच की जा रही है। हम जनता से सहयोग की अपील कर रहे हैं। दूसरी ओर कुछ लोगों ने बताया कि राजधानी को अशांत करने की साजिश रामनवमी के समय से ही रची जा रही थी। नूपुर शर्मा को लेकर पैदा हुए ताजा विवाद से अराजक तत्वों को एक मौका मिल गया।

 

विवाद की जड़, नुपुर शर्मा का एक बयान-
शुक्रवार को रांची सहित पूरे देश में जो बवाल हुआ उसकी वजह बीजेपी से निलबिंत की जा चुकी प्रवक्ता नुपुर शर्मा का पैगंबर मोहम्मद को लेकर दिया गया एक बयान है। हालांकि कई लोगों का कहना है कि नुपुर शर्मा को निशाना बनाकर जानबूझ कर देश का माहौल खराब किया जा रहा है। नुपुर शर्मा के मामले को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने भड़काऊ टिप्पणी करने के मामले में नुपुर शर्मा, असदुद्दीन ओवैसी समेत 32 लोगों पर केस दर्ज किया था।

यह भी पढ़ेंः सर, पत्थर चल रहा है… जल्दी से फोर्स भेज दीजिए… रांची से सामने आया खौफनाक मंजर

Home / National News / Prophet Row Protest in Ranchi: रांची में नमाज के बाद हुई हिंसा में दो लोगों की मौत, कर्फ्यू जारी, पूरे झारखंड में अलर्ट

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.