scriptपूर्व सांसद मीनाक्षी नाटराजन के खिलाफ लामबंद हुए कांग्रेस पदाधिकारी | neemach news | Patrika News
नीमच

पूर्व सांसद मीनाक्षी नाटराजन के खिलाफ लामबंद हुए कांग्रेस पदाधिकारी

जिला कार्यालय पर जिला संगठन के समानांतर आयोजित की बैठकजिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा बैठक अवैधानिक रूप से रखी गई

नीमचMar 20, 2019 / 01:41 pm

Mahendra Upadhyay

patrika

पूर्व सांसद मीनाक्षी नाटराजन के खिलाफ लामबंद हुए कांग्रेस पदाधिकारी

नीमच. मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय पर जिला संगठन के समानांतर बैठक आयोजित कर बगावत का बिगुल फूंका गया। बैठक में सार्वजनिक रूप से कहा गया कि यदि पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को इस संसदीय सीट से टिकट मिलता है तो संगठन में दो फाड़ भी हो सकती है। जिन लोगों ने संगठन की अगवाई कर संगठन के विरोध में काम किया है उनके साथ पार्टी का निष्ठावान कार्यकर्ता किसी कीमत पर नहीं खड़ा होगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने दिखाए बगावती तेवर
सोमवार को जहां लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पदाधिकारियों में सामंजस बैठाने का प्रयास हुआ। वहीं शाम होते होते संगठन में दो फांड़ दिखाई देने लगी। आनन फानन में मंगलवार को बैठक आयोजित करने का प्रेस नोट जारी कर दिया गया। इसपर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बैठक को अवैधानिक करार दे दिया। मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय पर दोपहर १२.१५ बजे कार्यकर्ताओं की लोकसभा चुनाव के मद्देनजर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अधिकांश वे पदाधिकारी शामिल थे जो पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन से नाराज चल रहे हैं। बैठक में इन नेताओं के जिला कांगे्रस संगठन और पूर्व सांसद के खिलाफ बगावती तेवर दिखाई दिए। बैठक में पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि आज संगठन की अगवाई वो लोग कर रहे हैं जिन्होंने पार्टी का नुकसान पहुंचाने का काम किया है। पिछले दिनों संगठन की बैठक आयोजित की गईथी। इस बैठक से कार्यकर्ताओं का जोश कमजोर पड़ा था। हमने लोकसभा चुनाव में प्रदेश की २९ में से २५ सीटें जीतने का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन जब संगठन विरोध लोग सक्रिय रहेंगे तब यह लक्ष्य हासिल करना मुश्किल दिखाई पड़ता है। संगठन वो होता है जो एक एक कार्यकर्ता को साथ लेकर चले। कार्यकर्ताओं को जोड़कर चले। संगठन जब किसी नेता का पिछलग्गू हो जाता है तो उसमें जोडऩे की शक्ति और कार्यकर्ताओं का पार्टी के लिए काम करने का जोश खत्म हो जाता है।
पूर्व सांसद को टिकट मिला तो संगठन में दो फाड़ निश्चित
बैठक में शामिल कार्यकर्ताओं ने खुलकर अपने गुस्से का इजहार किया। पदाधिकायियों ने कहा कि आज हमारा उद्देश्य कांग्रेस संगठन को मजबूरी देना है। संगठन का मुखिया एक नेता का पिछलग्गु बन गया है। हमें दु:ख इस बात का है मंदसौर संसदीय क्षेत्र से ५ या ६ विधायक जीत जाते तो निश्चित रूप से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार और मजबूत होती। जिन लोगों ने पार्टी के खिलाफ काम किया है। जिन लोगों ने पार्टी के मुखिया के साथ रहकर पार्टी का उम्मीदवार बनकर दूसरे विधासभा क्षेत्र में पार्टी के खिलाफ काम किया उनके साथ कार्यकर्ता कैसे खड़ा हो सकता है। सबसे ज्यादा हमें जो नुकसान हुआ है वो एक जाति को लेकर हुआ है। संगठन का मुखिया जब किसी नेता का पिछलग्गू बन जाता है तब संगठन कमजोर हो जाता है। पहली बार ऐसी स्थिति सामने आई है जब संगठन को यह बोला जाता है कि फलां व्यक्ति कुर्सी पर बैठेगा और इनको बुलाना है यह सब चीजें ठीक नहीं है। पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को टिकट मिलता है तो दोहरी फाड़ नहीं हो जाएगी। हमने और संगठन के निष्ठावान कार्यकर्ताओं ने आज बैठक में यह तय किया है कि जो बेइमान और जो पार्टी के खिलाफ काम कर रहे हैं उनके बीच यदि दो फाड़ होती है तो इससे संगठन के वरिष्ठ लोगों और मुख्यमंत्री को इससे अवगत कराएंगे। खुली चेतावनी है इस बैठक में। आज पार्टी के खिलाफ जिन लोगों ने काम किया है वो संगठन की अगवाई कर रहे हैं।
पार्टी के खिलाफ खड़े लोग कर रहे अगवाई
जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार अहीर ने कड़े शब्दों में कहा कि संगठन के खिलाफ काम करने वालों के साथ कार्यकर्ता खड़ा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन की अगवाई वो लोग कर रहे हैं जिन्होंने पार्टी के खिलाफ काम किया है। जब जब पार्टी के खिलाफ काम करने वाले कार्यक्रम की अगवाई करेंगे कार्यकर्ता उसमें शामिल नहीं होंगे। जिलाध्यक्ष अपनी मर्जी के निर्णय नहीं ले सकता है। प्रबंध समिति की मीटिंग करे और संविधान अनुसार यह तय करे कौन वैध तथा कौन अवैध है। जहां कार्यकर्ता मुझे बुलाते हैं मैं वहां जाता हूं। जिन लोगों के नाम से जिला कांग्रेस प्रवक्ता ने खंडन जारी किया है मुझे बताया गया है कि पहले उन्हीं के हस्ताक्षर से बैठक का प्रेस नोट भी जारी हुआ है। पहले सहमति दे देते हैं। संगठन में फूट डालने का काम नहीं किया जा रहा है। किसी एक व्यक्ति के कारण यदि कोई गलती होती है तो उसे ठीक करने का काम किया जाता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को हम जिला संगठन की बात से अवगत कराएंगे। कार्यकर्ता अपनी बात राहुल गांधी तक पहुंचा रहे हैं। कार्यकर्ताओं की भवनाओं के अनुरूप जीतने वाले प्रत्याशी को राहुल गांधी और कमलनाथ टिकट देंगे। लोकसभा चुनाव में मेरी कोई दावेदारी नहीं है। संसदीय क्षेत्र में किसी भी हिस्से से प्रत्याशी हो सकता है। कांग्रेस का वर्कर होना चाहिए। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं उसे पसंद करना चाहिए। बैठक में कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष अजित कांठेड़ की निष्क्रियता को लेकर गहरा रोष प्रकट किया। बैठक को मध्य प्रदेश कांग्रेस सचिव उमरावसिंह गुर्जर, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष देवेंद्र परिहार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार अहीर, जिला कांग्रेस के महामंत्री ओम शर्मा, जिला कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष ओम दीवान, कृषि उपज मंडी के पूर्व अध्यक्ष गोविंद पोरवाल, युवक कांग्रेस के अध्यक्ष हरगोविंद दीवान, जिला महामंत्री दीपक चौधरी, ब्लॉक कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष मुकेश कालरा, मंडलम अध्यक्ष रमेश कदम आदि ने भी संबोधित किया। बैठक में बड़ी संख्या में संगठन के कर्मठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे। संचालन जिला कांग्रेस के वरिष्ठ महामंत्री विमल नागोरी ने किया।
प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर कर रहा हूं काम
यह चुनाव राहुल गांधी और कांगे्रस का भविष्य तय करेगा। यह चुनाव कार्यकर्ताओं के स्वाभिमान को लेकर नहीं संगठन को मजबूती प्रदान करने वाला है। विधानसभा चुनाव में हम तीनों सीटें हारे यह सही है, लेकिन लोकसभा चुनाव में हमें जीत हासिल करना है। स्वयं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी कह चुके हैं कि विधानसभा चुनाव की हार का प्रभाव लोकसभा चुनाव पर नहीं पडऩा चाहिए। गांधी भवन में मंगलवार को जो बैठक आयोजित की गई वो अवैधानिक है। जहां तक मेरे ऊपर पर पदाधिकारियों द्वारा एक नेता का पिछलग्गू होने का आरोप लगाया गया है तो ऐसा नहीं है। मैं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ द्वारा दिए निर्देश अनुसार संगठनहित में काम कर रहा हूं। जिन लोगों ने आज बैठक कर संगठन के संबंध में जिस तरह के निर्णय लिए हैं वे उनके विवेक का निर्णय है। मेरा प्रयास संगठन को साथ लेकर चलने का है वो काम मैं कर रहा हूं।
– अजीत कांठेड़, जिलाध्यक्ष कांग्रेस

Home / Neemuch / पूर्व सांसद मीनाक्षी नाटराजन के खिलाफ लामबंद हुए कांग्रेस पदाधिकारी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो