scriptराजस्थान के सीएम ने कांग्रेस पर हमला बोला, 2014 के बाद बदली देश की हालत, पालनपुर में विजय संकल्प रैली | Patrika News
ख़बरें सुनें

राजस्थान के सीएम ने कांग्रेस पर हमला बोला, 2014 के बाद बदली देश की हालत, पालनपुर में विजय संकल्प रैली

rajasthan cm in palanpur

अहमदाबादApr 16, 2024 / 11:04 pm

Rajesh Bhatnagar

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बनासकांठा जिले के मुख्यालय पालनपुर में मंगलवार को बनासकांठा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रेखा चौधरी के नामांकन दाखि्ल करने से पहले विजय संकल्प रैली को संबोधित किया।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति इसलिए खराब हुई क्योंकि उनकी कथनी और करनी में अंतर था। वो जनता के सामने आते थे और हमेशा गरीबी हटाओ का नारा तो देते थे, लेकिन कभी उनका गरीब से वास्ता नहीं रहा। वे किसानों की बात करते थे, लेकिन कभी उन्होंने किसान को नजदीकी से नहीं देखा। अगर गरीब को नजदीकी से देखा और किसानों का भला किया है तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है।
वे बनासकांठा जिले के मुख्यालय पालनपुर में मंगलवार को बनासकांठा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रेखा चौधरी के नामांकन दाखि्ल करने से पहले विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे।

विजय संकल्प रैली में उन्होंने लोगों से कहा कि आप भाग्यशाली हैं जो लंबे समय से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गुजरात लगातार प्रगति कर रहा है। गुजरात पूरे देश का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश की स्थिति बदली है। देश में 2014 से पहले हजारों करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार होते थे। गरीब कल्याण की बातें होती थी। तुष्टिकरण के आधार पर सरकारें चलती थीं।

यह चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण

शर्मा ने कहा कि यह चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण चुनाव है। यह देश को आगे बढ़ाने का चुनाव है। 2047 तक विकसित भारत बनाने का चुनाव है। यह जात-पात का चुनाव नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद का चुनाव है।

दोनों राज्यों में 5 लाख के अंतर से भाजपा जीतेगी

शर्मा ने कहा कि गुजरात ने भाजपा को 2014 व 2019 में लोकसभा की 26 में से 26 सीटें दी हैं वहीं पड़ोसी राजस्थान ने भी भाजपा को 25 में से 25 सीटें दी हैं। इस बार भी गुजरात और राजस्थान की सभी सीटें पार्टी जीतेगी। इस बार अंतर और बड़ा होगा। अबकी बार 5 लाख से ज्यादा वाेटों से दोनों राज्यों में भाजपा जीतेगी।

कांग्रेस को नहीं मिल रहे प्रत्याशी

कांग्रेस पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि जिस राजनीतिक दल का देश में पंचायत से पार्लियामेंट तक राज होता था, आज वो छोटे-छोटे दलों से समझौते करने के लिए तैयार हो रहे हैं। कांग्रेस को चुनाव में प्रत्याशी नहीं मिल रहे। राजस्थान में कुछ जगह पर कांग्रेस ने टिकट दिया लेकिन प्रत्याशियों ने वापस कर दिया। कुछ कहते हैं कि हम तो लड़ना ही नहीं चाहते, वैसे ही टिकट दे दिया।

दोनों राज्यों का विशेष ख्याल रखते हैं मोदी

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी राजस्थान और गुजरात का विशेष ख्याल रखते हैं। राजस्थान के जालोर और बाड़मेर जिले पानी के लिए परेशान रहते थे। राजस्थान में 40 साल से पानी की परेशानी थी, कांग्रेस के लोग बहाने बनाते थे। राजस्थान में 4 महीने पहले भाजपा की सरकार बनी और पानी के समझौते को प्रधानमंत्री मोदी ने उन समझौतों को पूरा करवाकर पीने के पानी और सिंचाई के पानी की व्यवस्था करने का काम किया। राजस्थान के पानी की किल्ल्त वाले इलाकों में गुजरात की नर्मदा नहर का पानी पहुंचाने का काम गुुजरात की धरती ने किया।

लगता है दूसरे घर में आया हूं

उन्होंने कहा कि राजस्थान और गुजरात का बहुत नजदीक का संबंध है। 10-20 हजार लोग रोजाना राजस्थान में आवागमन करते हैं। उनकी रिश्तेदारी है और रोटी-बेटी का संबंध है। बनासकांठा जिला राजस्थान की सीमा पर स्थित है। मैं राजस्थान से आया हूंं लेकिन महसूस कर रहा हूं कि दूसरे घर में आया हूं क्योंंकि सीमा लगी हुई है।

Home / News Bulletin / राजस्थान के सीएम ने कांग्रेस पर हमला बोला, 2014 के बाद बदली देश की हालत, पालनपुर में विजय संकल्प रैली

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो