scriptबाबा व उसकी चेली को क्यों ढूंढ रही राजस्थान की पुलिस, गंभीर है मामला | Why is Rajasthan police looking for Baba and his disciple, the matter is serious | Patrika News
समाचार

बाबा व उसकी चेली को क्यों ढूंढ रही राजस्थान की पुलिस, गंभीर है मामला

इस बारे में झुंझुनूं के एसपी राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। आरोपियों के पकड़े जाने व कार बरामदगी के बाद ही पता चल सकेगा। हत्या क्यों की गई। साधु के पास कार थी, जो गायब है। मृतकों के पास पैसा था या नहीं अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है।

झुंझुनूJun 03, 2024 / 12:09 pm

Rajesh

Double Murder in Jhunjhunu

हत्या के बाद से यह बाबा व साध्वी भोदन आश्रम से गायब है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।

Double Murder in Jhunjhunu राजस्थान के झुंझुनूं जिले के नावता गांव में जाने वाले कच्चे रास्ते पर मिले दो शवों की शिनाख्त बगड़ निवासी गौतम सिंह शेखावत (45) व हरियाणा के हिसार जिला के हांसी तहसील के सोरखी गांव निवासी साधु विशिष्ठ गिरी (40) के रूप में हुई। साधु विशिष्ठ गिरी अपनी कार से अपने सेवादार बगड़ के गौतमसिंह शेखावत के साथ सिंघाना क्षेत्र के भोदन के बल्लागिरी आश्रम में आए थे। जहां पर रुपए के लेन-देन या अन्य किसी कारणों से विशिष्ठ गिरी के साथ कहासुनी के बाद भोदन आश्रम के महंत व साध्वी समेत अन्य ने मिलकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट करते हुए उनके सेवादार गौतम ने उन्हें देख लिया। इसके बाद दोनों की हत्या कर दी गई।जहर गिरी आश्रम में रहने वाले विशिष्ट गिरी का सिंघाना क्षेत्र के भोदन गांव के आश्रम में आना जाना था। हत्या के बाद शवों को कार में डालकर नावता गांव की ढाणी पर कच्चे रास्ते के पास डालकर चले गए। पुलिस को भोदन गांव के आश्रम के चौबारे में खून के धब्बे भी मिले हैं। पुलिस साधू-साध्वी के पीछे लगी हुई है। जल्द ही हत्या में और कौन-कौन शामिल है और हत्या करने की असली वजह क्या रही, इसका खुलासा करेगी। रविवार को दोनों के शवों का बुहाना के सरकारी अस्पताल में मेडिकल टीम गठित कर पोस्टमार्टम कर शव परिजन को सौंप दिए गए। दोनों के शव नावता की ढाणी के ईंट-भट्टा के पास खेत में पड़े मिले थे। ईंट-भट्टा संचालक अंकुर की रिपोर्ट पर पुलिस से अज्ञात के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज करके जांच थाना प्रभारी राजपाल सिंह को सौंप दी है।

साधु से मारपीट करते गौतम ने देख लिया था

झुंझुनूं पुलिस के अनुसार शुक्रवार की रात को कुछ लोग आश्रम में आए और विशिष्ट गिरी के साथ मारपीट करने लगे। जब मारपीट करते समय सेवादार गौतम ने उनको देख लिया तो सेवादार गौतम के साथ भी बेरहमी से मारपीट की। बेरहमी से मारपीट के दौरान दोनों की मौत हो गई। भोदन के बल्लागिरी आश्रम में खून के छींटे भी साफ दिखाई दे रहे है। पुलिस ने आश्रम का मौका मुआयना किया है। मारपीट करने वाले लोग उन्हें गाड़ी में डालकर हरियाणा सीमा के पास पचेरी कलां थाना क्षेत्र के नावता में पहुंचे, जहां उन्होंने खेतों से ईंट बनाने के लिए निकाली गई मिट्टी के गड्ढों में दोनों के शव डालकर फरार हो गए। इसमें आश्रम में महंत व साध्वी का हाथ बताया जा रहा है। पुलिस ने भोदन के आश्रम में जाकर जांच की है। जिसमें अहम सुराग हाथ लगे हैं।

नकदी और कार गायब

विशिष्ट गिरी के पास 15 लाख रुपए और एक कार होने की बात सामने आई है, जो गायब है। नावता के पास खेतों में शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने थाना क्षेत्र के अलावा हरियाणा के गोद बलाहा, भांखरी सहित अन्य जगह में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगलाकर जानकारी जुटाई।

पुलिस को दिखी संदिग्ध कार

पुलिस को एक संदिग्ध गाड़ी भी नजर आई जो राजस्थान सीमा में घुसने के कुछ समय बाद ही वापस हरियाणा की ओर चली गई थी। पुलिस की ओर से संदिग्ध गाड़ी का पता लगाने व वारदात का खुलासा करने के लिए पांच टीमों का गठन कर रवाना किया गया है। थानाधिकारी कैलाश चन्द यादव ने बताया कि भिवानी आश्रम के मृतक मंहत विशिष्ट गिरी का भोदन के आश्रम में आना जाना रहता था तथा विशिष्ट गिरी भोदन आश्रम में कई बार यही रहता था। आश्रम में बने एक चौबारे में खून के छींटे मिले हैं। इससे यह प्रतीत होता है कि यहां पर मारपीट हुई है। झुंझुनूं की एसएफएल व मोबाइल टीम में आश्रम से साक्ष्य जुटाए हैं। भोदन आश्रम में मंहत व साध्वी रहती थी। दोनों गायब हैं। पुलिस की शक की सुई अब भोदन आश्रम में रहने वाले मंहतलखनदास पर टिकी हुई है। भिवानी आश्रम के विशिष्ठ गिरी का भोदन गांव के बल्ला गिरी आश्रम में मंहतलखनदास के यहां पर आना जाना लगा रहता था। लखनदास के पास एक साध्वी भी रहती थी। घटना के बाद से ही लखनदास व साध्वी घायब है। लखनदास के पास एक बाइक थी जो पड़ौसी के यहां छोड़ कर चले गए। बाइक को सिंघाना पुलिस ने जब्त किया है।

हरियाणा पहुंची पुलिस टीम

विशिष्ट गिरी की हत्या की तह तक जाने के लिए पुलिस की एक टीम ने रविवार को हरियाणा के भिवानी में पहुंच कर जानकारी एकत्र की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार विशिष्ट गिरी भिवानी आश्रम से साध-संगत में जाने की बात कह कर निकले थे। उन्हें धार्मिक आयोजन के लिए रोहतक एवं दिल्ली जाना था।

गौतम के एक बेटा व एक बेटी

बगड़.बगड़ के वार्ड नंबर नौ शेखावत कालोनी निवासी मृतक गौतमसिंह शेखावत पुत्र भागीरथसिंह भाग्य का दो साल से वशिष्ट गिरी के पास आना जाना था। पिछले दो माह से लगातार आश्रम में ही रुक कर संत की सेवा में लगा हुआ था। संत ने हाल ही में एक कार भी खरीदी थी और कार में रुपए भी थे। गौतमसिंह के एक 15 वर्ष का बेटा व एक 11 वर्ष की बेटी है।

इनका कहना है…

पुलिस ने जांच के लिए अलग-अलग टीम गठित की है। टीमें तत्परता से काम कर रही है। कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। प्रारंभिक जांच में संभव: हत्या के पीछे दूसरे आश्रम का हाथ होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस जल्द ही हत्या के कारणों का खुलासा करेगी।
नोपाराम, डीएसपी एवं जांच टीम प्रभारी, बुहाना

मामले में जांच की जा रही है। आरोपियों के पकड़े जाने व कार बरामदगी के बाद ही पता चल सकेगा। हत्या क्यों की गई। साधु के पास कार थी, जो गायब है। मृतकों के पास पैसा था या नहीं अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है।
राजर्षि राज वर्मा, एसपी झुंझुनूं

Hindi News/ News Bulletin / बाबा व उसकी चेली को क्यों ढूंढ रही राजस्थान की पुलिस, गंभीर है मामला

ट्रेंडिंग वीडियो