दरअसल, नोएडा में सपा सरकार के कार्यकाल में कुल 97 किलोमीटर साइकिल ट्रैक बनाने की योजना थी। जिसमें से 42 किलोमीटर से ज्यादा साइकिल ट्रैक बनाया भी जा चुका है और इस पर करीब 40 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। लेकिन बाद में हाइकोर्ट के स्टे के बाद काम रुक गया था और सत्ता की कमान भाजपा की योगी सरकार पर आ गई। नोएडा में एमपी-1 और सेक्टर-62 में बने साइकिल ट्रैक वाहन पार्किंग स्थलों में तब्दील हो चुके हैं। वहीं सेक्टर-127 बख्तावरपुर रोड पर बने साइकिल ट्रैक पर कूड़े और मलबा का ढ़ेर देखने को मिल जाता है। इतना ही नहीं, ट्रैक के आसपास उगी घास चरने को मवेशियों का जमघट भी लगा रहता है। उधर, सेक्टर-44 में बने साइकिल ट्रैक पर नारियल पानी व सिगरेट के खोखा लगाकर अतिक्रमण किया गया है।