scriptविश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, राहुल ने भारत को दिलाया पांचवां पदक | Indias best performance in World Wrestling Championship | Patrika News
अन्य खेल

विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, राहुल ने भारत को दिलाया पांचवां पदक

कांस्य पदक जीतने के बावजूद राहुल को टोक्यो ओलंपिक-2020 का टिकट नहीं मिला, 61 किग्रा भारवर्ग में ओलंपिक कोटा नहीं है।

नई दिल्लीSep 22, 2019 / 08:18 pm

Mazkoor

Rahul balasaheb aware

नूर सुल्तान : भारत के राहुल बालासाहेब अवारे ने 61 किलोग्राम भार वर्ग में रविवार को कजाकिस्तान विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में एक और पदक दिलाकर भारत के पदकों की संख्या पांच पहुंचा दी। इस चैम्पियनशिप में भारत ने इससे पहले कभी इतने पदक नहीं जीते थे। राहुल को इस चैम्पियनशिप में कांस्य पदक मिला। हालांकि इसके बावजूद राहुल टोक्यो ओलंपिक-2020 में शिरकत नहीं कर पाएंगे, क्योंकि राहुल का 61 किग्रा भार वर्ग ओलंपिक कोटा नहीं है।

अमरीका के टेलर ली ग्राफ को दी मात

कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता राहुल ने अमरीका के टेलर ली ग्राफ को 11-4 से मात दी। महाराष्ट्र के राहुल मुकाबले की शुरूआत में 0-2 से पीछे चल रहे थे। इसके बाद उन्होंने पहले 2-2 की बराबरी हासिल की और फिर 4-2 की बढ़त बनाई और फिर दो अंक और लेकर 6-2 की मजबूत बढ़त कायम कर ली। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और जल्द ही अपनी बढ़त 11-2 तक पहुंचा दिया। इसके बाद टेलर ने दो अंक लेकर अंतर (11-4) कम जरूर किया, लेकिन राहुल को जीत से रोकने के लिए यह नाकाफी साबित हुआ। बता दें कि सेमीफाइनल मुकाबले में राहुल जॉर्जिया के बेका लोमाटड्जे से 6-10 से हार गए थे।

भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के इतिहास में भारत का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस चैंपियनशिप में भारत ने एक रजत चार कांस्य समेत पांच पदक हासिल किए। इसके अलावा चार भारतीयों ने टोक्यो ओलंपिक-2020 का कोटा हासिल किया। इससे पहले भारत ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2013 में किया था। तब भारत के हाथ तीन पदक लगे थे।
राहुल से पहले इस चैंपियनशिप में दीपक पुनिया ने रजत और विनेश फोगाट, बजरंग पुनिया तथा रवि कुमार दहिया ने अपने-अपने भारवर्ग में कांस्य पदक जीते थे।

Home / Sports / Other Sports / विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, राहुल ने भारत को दिलाया पांचवां पदक

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो