scriptपुलिसकर्मियों के बच्चे अंग्रेजी स्कूल में पढ़ेंगे | Policemen's children will study in English school in Rajasthan | Patrika News
पाली

पुलिसकर्मियों के बच्चे अंग्रेजी स्कूल में पढ़ेंगे

-प्रदेश में पुलिस लाइन के नजदीक की स्कूलों के मांगे प्रस्ताव-महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम में विद्यालयों को करेंगे तब्दील

पालीJul 22, 2021 / 06:26 pm

Suresh Hemnani

पुलिसकर्मियों के बच्चे अंग्रेजी स्कूल में पढ़ेंगे

पुलिसकर्मियों के बच्चे अंग्रेजी स्कूल में पढ़ेंगे

पाली। प्रदेश में पुलिसकर्मियों के बच्चों को अंग्रेजी भाषा में शिक्षा दी जाएगी। इसके तहत हर जिले में पुलिस लाइन के पास स्थित सरकारी स्कूलों को महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में तब्दील किया जाएगा। ऐसा करने के लिए शिक्षा विभाग बीकानेर को पुलिस विभाग की ओर से हर जिले में पुलिस लाइन के पास स्थित सरकारी स्कूलों के प्रस्ताव भेजे गए थे। इसके बाद निदेशक शिक्षा विभाग बीकानेर ने सभी जिलों के शिक्षाधिकारियों से स्कूलों की भौतिक सुविधाओं, स्टाफ आदि के बारे में जानकारी मांगी। पाली शहर में सुविधाओं के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस लाइन के पास स्थित सुल्तान उच्च माध्यमिक विद्यालय को अंग्रेजी माध्यम में बदलने के लिए उपयुक्त बताते हुए शिक्षा अधिकारियों ने पुलिस विभाग के प्रस्ताव पर मोहर लगाते हुए वापस निदेशक शिक्षा विभाग बीकानेर को लिखा है।
पहले कक्षा एक से आठ तक होगी कक्षा
इस विद्यालय के अंग्रेजी माध्यम में तब्दील होने पर इसे कक्षा एक से आठ तक शुरू किया जाएगा। इसमें कक्षाएं आगामी सत्रों में बढ़ाई जाएगी। इस विद्यालय में अभी पढऩे वाले कक्षा नवमी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को नजदीकी अन्य उच्च माध्यमिक व माध्यमिक विद्यालय में शिफ्ट किया जाएगा।
कमेटी में शामिल होंगे पुलिसकर्मी
स्कूलों के अंग्रेजी माध्यम में तब्दील होने पर विद्यालय की कमेटी बनाई जाएगी। इसमें पुलिसकर्मियों व अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। शिक्षा विभाग के अधिकारियों की माने तो ऐसा होने पर विद्यालय की मॉनिटरिंग बेहतर हो सकेगी। उसका विकास होने के साथ शिक्षा का स्तर भी बेहतर रहेगा।
पुलिसकर्मियों के साथ पढ़ेंगे सामान्य विद्यार्थी
पुलिस लाइन के पास महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बनाने के लिए पुलिस विभाग की ओर से प्रस्ताव निदेशक बीकानेर को भेजा गया था। उसी के तहत पाली के सुल्तान स्कूल की जानकारी मांगी गई थी। वह हमारी तरफ से भिजवा दी गई है। स्कूल में पन्द्रह कक्ष के साथ अन्य सभी सुविधाएं है। स्कूल के अंग्रेजी माध्यम में तब्दील होने पर सामान्य बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। – प्रवीण जांगिड़, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी, माध्यमिक, पाली
मुख्य रूप से यह मांगी गई सूचना
-विद्यालय में उपलब्ध कक्षा कक्ष
-विद्यालय का वर्तमान नामांकन
-विद्यालय में शिक्षकों व कार्मिकों के पद
-विद्यालय में कार्यरत कार्मिक व शिक्षकों की संख्या
-विद्यालय में उपलब्ध खेल मैदान

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो