पन्ना

4 करोड़ की संम्पति के मालिक हैं BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, गिफ्ट में भी मिला है सोना ही सोना, देखें पूरी डिटेल्स

7.18 लाख कीमत के 117 ग्राम सोने के जेवर खरीदे हैं। पत्नी के पास 20.66 लाख रुपए कीमत के गहने गिफ्ट किए हुए हैं…..

पन्नाApr 04, 2024 / 10:54 am

Ashtha Awasthi

पन्ना। पांच साल में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और खजुराहो से प्रत्याशी वीडी (विष्णुदत्त) शर्मा और उनकी पत्नी की चल-अचल संपत्ति में चार गुना से भी ज्यादा का इजाफा हुआ है। 2019 के चुनाव के समय दंपती के पास कुल संपत्ति करीब 1.05 करोड़ की थी। अब 2024 के चुनाव के समय चल-अचल संपत्ति की कीमत 4.92 करोड़ रुपए बताई है। सांसद वीडी के पास करीब 50 लाख रुपए कीमत की कार है। शर्मा दंपती और उनकी बेटी के पास करीब 60 लाख रुपए के सोने के गहने हैं। दंपती के नाम पर एक दर्जन बैंक अकाउंट हैं। उन पर एक मानहानि का केस भी दर्ज है।

 

सांसद वीडी के पास 20.99 लाख कीमत के 342 ग्राम सोने के जेवर पैतृक और गिफ्ट किए हुए हैं। 7.18 लाख कीमत के 117 ग्राम सोने के जेवर खरीदे हैं। पत्नी के पास 20.66 लाख रुपए कीमत के गहने गिफ्ट किए हुए हैं। 3.23 लाख कीमत के 52 ग्राम सोने के गहने खरीदे हैं।

 

2019 में वीडी शर्मा ने अपने शपथ पत्र में कुल अचल संपत्ति का मूल्य करीबन 42 लाख रुपए बताई थी. 2019 में वीडी शर्मा के पास मुरैना में 0.840 एकड़ कृषि भूमि, भोपाल के दानिश हिल्स में एक डुप्लेक्स था. जबकि पत्नी स्तुति शर्मा के पास जबलपुर में एक मकान बताया गया था, जिसकी कीमत 25 लाख रुपए थी. इस तरह वीडी शर्मा की कुल अचल संपत्ति करीबन 67 लाख रुपए दशाई गई थी।

2024 में वीडी शर्मा ने अपने शपथ पत्र में अपनी कुल अचल संपत्ति करीबन 3 करोड़ की बताई है. वीडी शर्मा अब एक वेयरहाउस के मालिक हैं. यह वेयरहाउस उन्होंने जबलपुर के पाटन में 71 हजार स्क्वायर फीट जमीन लीज पर लेकर बनवाया है. इसमें उन्होंने करीब डेढ़ करोड़ का इन्वेस्टमेंट किया है. इसके अलावा मुरैना में अलग-अलग स्थानों पर 0.840 एकड़, 0.012 एकड़, 0.042 एकड़, 1.43 एकड़, 0.462 एकड और 0.660 एकड़ भूमि है. भोपाल के दानिश हिल्स में डुप्लेक्स भी है।

 

सतना में सांसद गणेश सिंह ने बुधवार को सतना सीट के लिए नामांकन भरा। शपथ-पत्र के अनुसार चल-अचल संपत्ति में पांच साल में 1.74 करोड़ का इजाफा हुआ है। उनके पास 3.23 करोड़ की संपत्ति है। पत्नी मोना सिंह की संपत्ति में भी पांच साल में 3.12 करोड़ का इजाफा हुआ है। वर्तमान में वे 5.94 करोड़ की चल अचल संपत्ति की मालकिन हैं। दंपती के पास खुद का वाहन नहीं है। पिछले विधानसभा चुनाव के बाद गणेश की संपत्ति 26.43 लाख रुपए घटी है। फरीदाबाद का फ्लैट भी उनके पास नहीं है। हालांकि विधानसभा चुनाव के बाद पत्नी की आय 7.80 लाख रुपए बढ़ी है।

 

सांसद ने स्वयं के विरुद्ध तीन अपराधों में आरोपी बनाए जाने की जानकारी दी है। इसमें सबसे चर्चित शिक्षाकर्मी वर्ग 1 व 2 की नियुक्ति से जुड़ा केस है, जो विशेष न्यायाधीश एमपी एमएलए कोर्ट जबलपुर में प्रचलित है। इसके अलावा नागौद थाने में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज है। थाना रामनगर में शिक्षाकर्मी की पदस्थापना मनचाहे स्थान पर न हो पाने के इस्तगासे का मामला है। आरोप विरचित नहीं हुए हैं।

Hindi News / Panna / 4 करोड़ की संम्पति के मालिक हैं BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, गिफ्ट में भी मिला है सोना ही सोना, देखें पूरी डिटेल्स

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.