scriptनहाने में नाटकबाजी करता है बच्चा तो अपनाएं ये मजेदार ट्रिक्स | Bathing tips for kids and parents in Hindi | Patrika News
पैरेंटिंग

नहाने में नाटकबाजी करता है बच्चा तो अपनाएं ये मजेदार ट्रिक्स

कुछ बच्चों को नहाना बिल्कुल पसंद नहीं होता और उन्हें नहलाने के लिए उनके माता-पिता को जंग सी लडऩी होती है।

Dec 06, 2017 / 03:37 pm

पवन राणा

Bathing tips

Bathing tips

अधिकतर बच्चों को नहाना पसंद होता है क्योंकि इसमें वह खूब सारी मस्ती करते हैं। उन्हें नहाने से आराम मिलता है और साथ ही खेलने को भी मिलता है। हालांकि, कुछ अभिभावकों के लिए अपने बच्चों को नहलाना एक बहुत ही मुश्किल काम होता है। कुछ बच्चों को नहाना बिल्कुल पसंद नहीं होता और उन्हें नहलाने के लिए उनके माता-पिता को जंग सी लडऩी होती है। अगर आपके बच्चे को भी नहाने में मजे नहीं आते तो इन तरीकों को अपनाकर इसे मजेदार बनाएं…

थीम्ड बाथ
अगर आपके नन्हे को नहाने से डर लगता है तो आप उसके पसंदीदा खिलौने पर नहाने का डेमो दिखा सकती हैं। जब वह अपने खिलौने को नहाते हुए और मजे करते हुए देखेगा तो यकीनन ही उसका भी नहाने का मन करेगा और वह बिना डर के नहाएगा। इसमें उसे मजा भी बहुत आएगा।

नहाते समय पेंट
आप अपने नन्हे को नहाते समय बाथरूम की दीवारों, बाथटब, टाइल्स और खुद पर भी पेंट करने की इजाजत दे सकती हैं। इससे उसे नहाने में मजा भी आएगा। आप इस पेंट को आराम से घर पर बना सकती हैं। एक चम्मच मक्के का आटा, चार से छह पम्प्स बेबी शैंपू, दो से तीन बूंद फूड कलर और एक से दो चम्मच पानी मिलाकर आप यह पेंट बना सकती हैं।

रोल प्ले
नहाते समय आपका बच्चा जिस चीज से डरता है, चाहे वह बाल धोना हो, स्पॉन्ज हो या कुछ और, आप उसके खिलौनों के साथ वह सब करके दिखा सकती हैं। उसके खिलौनों को नाम दें और उन्हें कैरेक्टर बना दें। इसके बाद उनके साथ वह चीजें करें, जिनसे आपका बच्चा डरता है या एंजॉय भी करता है। इससे बच्चे का डर निकलेगा और आत्मविश्वास बढ़ेगा।

संवेदक अनुभव दें
जब भी आप अपने नन्हे को नहलाने जाएं तो वहां विभिन्न चीजें रख दें, जिन्हें वह पकड़ सके और महसूस कर सके। इसके लिए आप सॉफ्ट फ्लैनल्स, अलग तरह के फिसलने वाले साबुन, गुब्बारा आदि का इस्तेमाल कर सकती हैं।

बबल्स
एक बबल बाथ किसे पसंद नहीं होता? आप अपने नन्हे को नहलाते समय बबल्स का इस्तेमाल कर सकती हैं। आप इनकी मदद से बच्चे या अपना क्रेजी हेयरस्टाइल, उसकी दाढ़ी-मूंछ या कोई भी चीज बना सकते हैं। इसमें बच्चे को मजा आएगा और वह खिलखिलाते हुए नहा भी लेगा।

खिलौनों के साथ लुका-छिपी
इसके लिए आपको अलग-अलग साइज के स्पॉन्ज और धुले हुए कपड़ों की जरूरत पड़ेगी। अब आप अपने बच्चे को इन्हें छिपाने के लिए कहें और खुद उन्हें ढूंढें। याद रखें कि आप उन्हें जल्दी न ढूंढें और बच्चे से जानबूझकर पूछें कि उसने कहां छिपाया है। इससे बच्चे को मजा आएगा और वह नहाने से भागेगा नहीं।

Home / Parenting / नहाने में नाटकबाजी करता है बच्चा तो अपनाएं ये मजेदार ट्रिक्स

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो