scriptलोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, यहां 150 नेताओं और कार्यकर्ता ने थामा भाजपा का दामन | 150 congress leaders and workers join bjp | Patrika News
राजनीति

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, यहां 150 नेताओं और कार्यकर्ता ने थामा भाजपा का दामन

150 कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया।

नई दिल्लीSep 11, 2018 / 12:00 pm

Kaushlendra Pathak

bjp

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, यहां 150 नेताओं और कार्यकर्ता ने थामा भाजपा का दामन

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की बिसात बिछ चुकी है। सभी राजनीतिक पार्टियों ने एड़ी-चोटी एक कर दिया है। वहीं, जोड़तोड़ और दल-बदल का खेल जारी है। इसी कड़ी में उतराखंड में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। यहां करीब 150 कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया है। इस खबर के बाद कांग्रेस में हलचल मच गई है।
150 लोगों ने थामा भाजपा का दामन

बताया जा रहा है कि टनकपुर में नये जिलाध्यक्ष की नियुक्ति से कई कांग्रेसी नेता खफा चल रहे थे। इसलिए, सोमवार को 150 लोगों ने भाजपा का दामन थाम लिया। एक ही झटके में कुनबा बढ़ने से भाजपा खासी उत्साहित है और स्थानीय विधायक कैलाश गहतोड़ी ने इशारा किया कि भाजपा के कुनबे में अभी और भी इजाफा होगा। दरअसल, कुछ समय पहले ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह देव की नियुक्ति से खफा करीब डेढ़ सौ कांग्रेसियों ने पार्टी छोड़ दी थी। सोमवार को मिलन वाटिका में विधायक कैलाश गहतोड़ी, भाजपा जिलाध्यक्ष राम दत्त जोशी, सांसद प्रतिनिधि संजय जोशी की मौजूदगी में इन लोगों ने भाजपा का दामन थामा। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रहे नाथूराम राय, मनोज सक्सेना, पूर्व कांग्रेसियों के अलावा करीब 150 अन्य लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर विधायक गहतोड़ी ने कहा कि आने वाले समय में भाजपा पर लोगों का विश्वास और बढ़ेगा।
जारी है दल-बदल का खेल

गौरतलब है कि इन दिनों देशभर में सियासी हलचल तेज हो गई है। कई राज्यों में नेताओं द्वारा दल-बदल का खेल जारी है। कई कांग्रेसी भाजपा का दामन थाम रहे हैं, तो कई भाजपाई कांग्रेस और अन्य पार्टी का दामन थाम रहे हैं। अभी कुछ ही समय पहले भाजपा को भी बड़ा झटका लगा था, जब पूर्व सांसद चंदन मित्रा ने पार्टी से अलविदा कहते हुए टीएमसी का दामन थाम लिया। कयास लगाया जा रहा है कि चुनाव से पहले कई और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

Home / Political / लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, यहां 150 नेताओं और कार्यकर्ता ने थामा भाजपा का दामन

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो