scriptभगवा आतंकवाद पर भाजपा ने किया कांग्रेस पर हमला, राहुल देश की जनता से मांगें माफी | BJP attacks Congress on saffron terrorism, demands for apology | Patrika News
विविध भारत

भगवा आतंकवाद पर भाजपा ने किया कांग्रेस पर हमला, राहुल देश की जनता से मांगें माफी

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के मन में हिंदुओं के प्रति घृणा है।

नई दिल्लीApr 17, 2018 / 01:50 pm

Mohit Saxena

sabmit

sabmit

नई दिल्ली। भगवा आतंकवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर हमला बोला है। इस मुद्दे पर पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को हिंदू विरोधी बताया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने मंगलवार को एक प्रेस वार्ता में कहा कि राहुल गांधी के मन में हिंदुओं के प्रति घृणा है। उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। भाजपा ने कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम और सुशील कुमार शिंद को भी आड़े हाथ लिया।
संबित पात्रा ने कहा कि इन सभी कांग्रेसी नेताओं ने भगवा आतंकवाद शब्द का इस्तेमाल किया है। गौरतलब है कि सोमवार को हैदराबाद की मक्का मस्जिद में हुए ब्लास्ट मामले में एनआईए की अदालत ने आरोपी स्वामी असीमानंद समेत सभी पांच आरोपियों को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया था। 11 साल बाद आए इस फैसले को लेकर भाजपा आक्रामक हो गई है। उसका कहना है कि कांग्रेस ने इस मामले को लेकर भगवा आतंकवाद का मुद्दा उठाया था।
2010 में पहली बार चिदंबरम ने बोला था

संबित पात्रा ने कहा कि 2010 में पहली बार चिदंबरम ने हिंदू आतंकवाद शब्द का इस्तेमाल किया था। केवल वोट की राजनीति के लिए कांग्रेस ने इस शब्द का प्रयोग किया। उन्होंने राहुल पर तंज कसते हुए कहा कि क्या वह अब भी रात 12 बजे मोमबत्ती लेकर इंडिया गेट पर आएंगे। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने सोमवार को कठुआ और उन्नाव रेपकांड को लेकर कैंडल मार्च निकाली थी। उन्होंने इस दौरान भाजपा पर कई आरोप लगाए थे। संबित ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी से ही हिंदू आतंकवादी जैसे शब्द सीखे हैं।
देश जनता से माफी मांगें

संबित ने 2009 के एक टेलीग्राम का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने अमेरिकी दूत से मिलकर कहा था कि भारत को लश्कर-ए-तैयबा से ज्यादा खतरा हिंदू आतंकवाद से है। संबित ने कहा कि भाजपा राहुल गांधी, सुशील कुमार शिंदे और पी. चिदंबरम से भगवा आतंक शब्द का इस्तेमाल करने पर देश की जनता से माफी की मांगने की अपील करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा तुष्टीकरण की बजाय विकास पर विश्वास करती है।

Home / Miscellenous India / भगवा आतंकवाद पर भाजपा ने किया कांग्रेस पर हमला, राहुल देश की जनता से मांगें माफी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो