नई दिल्ली। 12 मई को होने जा रहे कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार के साथ सियासी दलों की बयानबाजी का दौर जारी है। बयानबाजी के इस दौर में बीएस येदुरप्पा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे और खनन कारोबारी जी जनार्दन रेड्डी कुछ ऐसा बोल गए, जिसकी किसी ने आशा भी नहीं की थी। दरअसल, जनार्दन रेड्डी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तुलना न केवल ईश्वर से की, बल्कि उनको लोगों के लिए भगवान का रूप बताया है। लिंगायत समुदाय के मुद्दे पर बोल रहे पूर्व मंत्री ने कहा कि सीएम सिद्धारमैया जनता का भरोसा कायम रखने में सफल नहीं रहे हैं। लोग नरेंद्र मोदी को भगवान मानते हैं। यही कारण है कि हर कोई बीजेपी और मोदी के साथ है। यह बयान पूर्व मंत्री ने एक मीडिया इंटरव्यू में पूछ गए सवाल के जवाब में दिया।