राजनीति

कोरोना के चलते केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का निधन, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने जताया शोक

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी ( Suresh Angadi ) का एम्स में हुआ निधन।
एम्स में अंगड़ी का कोरोना वायरस का चल रहा था इलाज।
पीएम मोदी ने उन्हें बताया असाधारण कार्यकर्ता, प्रभावी मंत्री।

नई दिल्लीSep 24, 2020 / 10:02 am

अमित कुमार बाजपेयी

AMO Railway Suresh Angri died in AIIMS, COVID-19 positive, PM Modi expresses grief

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के चलते बुधवार को एक केंद्रीय मंत्री का निधन हो गया। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी ( Suresh Angadi ) ने बुधवार को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में आखिरी सांस ली। वह 65 वर्ष के थे और कोरोना वायरस संक्रमित थे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम दिग्गजों ने अंगड़ी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
पीएम मोदी ने अभी की 7 राज्यों के मुख्यमंत्रियों संग बैठक, लॉकडाउन को लेकर दिए बड़े निर्देश

ताजा जानकारी के मुताबिक रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का बुधवार को नई दिल्ली स्थित एम्स में निधन हो गया। अंगड़ी का एम्स में वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में कोरोना वायरस का इलाज चल रहा था। पिछले सोमवार से शुरू हुए संसद के मानसून सत्र से दो सप्ताह पहले ही अंगड़ी का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया था। अंगड़ी ने भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में लोकसभा में बेलगावी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंगड़ी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्विटर पर अंगड़ी के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “सुरेश अंगड़ी एक असाधारण कार्यकर्ता थे, जिन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कड़ी मेहनत की। वह एक समर्पित सांसद और प्रभावी मंत्री थे, जो पूरे स्पेक्ट्रम में प्रशंसित थे। उनका निधन बेहद दुखद है। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। ओम शांति।”
https://twitter.com/narendramodi/status/1308796654364037120?ref_src=twsrc%5Etfw
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर लिखा, “केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी के निधन के बारे में जानकर हैरानी हुई। एक मिलनसार नेता अंगड़ी ने अपने निर्वाचन क्षेत्र, बेलागवी और कर्नाटक के लोगों के लिए अथक परिश्रम किया। उनकी अदम्य भावना के कारण, उन्होंने विनम्रता और दृढ़ता के साथ सार्वजनिक सेवा की। मेरी भावनाएं और प्रार्थना उनके परिवार और प्रियजनों के साथ हैं।”
प्रहलाद सिंह पटेल और नितिन गडकरी से पहले कितने केंद्रीय मंत्री आ चुके हैं कोरोना की चपेट में

वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा सहित कर्नाटक के नेताओं ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। गौड़ा ने लिखा, “मैं केंद्रीय रेल राज्य मंत्री और बेलगावी से चार बार सांसद रहे सुरेश अंगड़ी के निधन से स्तब्ध और बेहद दुखी हूं। वह मेरे लिए एक छोटे भाई की तरह थे। उन्हें खोने पर मैं भयभीत हो गया हूं। यह हमारे राष्ट्र के लिए एक असहनीय क्षति है। उनकी आत्मा को शांति मिले। भगवान उनके परिवार और शुभचिंतकों को इस दर्द को सहने की शक्ति दे।”

Home / Political / कोरोना के चलते केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का निधन, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने जताया शोक

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.