राजनीति

CAA को लेकर पीएम मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला- जनता ने नकारा तो झूठ और भ्रम फैलाने में जुटा विपक्ष

पीएम मोदी ने कहा कि चुनाव हमारे लिए बड़ी चुनौती नहीं है, बल्कि लोगों की आकांक्षाएं पूरा करना हमारे लिए महत्वपूर्ण है।”

Jan 21, 2020 / 08:32 am

Prashant Jha

पीएम मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला- जनता ने नकारा तो झूठ और भ्रम फैलाने में जुटा विपक्ष

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लेकर झूठा माहौल बनाने का विपक्ष पर सोमवार को सीधा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनावी राजनीति में जिन्हें देश ने नकार दिया, उनके पास कम हथियार बचे हैं, इसलिए वे भ्रम फैला रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “ये जो टोली (विपक्ष) है, वह हमारे साथ कभी नहीं रही, और आगे भी नहीं रहेगी। इसका फिक्र भी नहीं है। हमें अपने पर विश्वास है। हमारे नेता जहां कहीं जाते हैं, वहां (नागरिकता कानून के समर्थन में) लाखों की भीड़ जुटती है। आपको नजर नहीं आएगा। यह खेल चलता रहेगा।”

पीएम मोदी ने कहा, “हमारा लालन-पालन जनता के साथ सीधे संपर्क से होता है। उसी शक्ति ने हमें पूर्ण बहुमत दिया। चुनाव हमारे लिए बड़ी चुनौती नहीं है, बल्कि लोगों की आकांक्षाएं पूरा करना हमारे लिए महत्वपूर्ण है।”

ये भी पढ़ें: आदित्य ठाकरे बोले- संजय राउत का बयान निजी, हम दोनों महाराष्ट्र के विकास के लिए साथ

https://twitter.com/ANI?ref_src=twsrc%5Etfw

पीएम मोदी ने नड्डा के कामों की तारीफ की

जे.पी. नड्डा के नया भाजपा अध्यक्ष चुने जाने के मौके पर पार्टी मुख्यालय में लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “हम जिन मूल्यों को लेकर चले थे, उसी आशा और अपेक्षा के अनुरूप अपने को ढालेंगे। कार्यकर्ता के विकास का ही परिणाम है कि पार्टी को लगातार नई नई पीढ़ी मिलती जा रही है।”

नड्डा की तारीफ करते हुए मोदी ने कहा, “नड्डा जी पुराने साथी रहे हैं। कभी स्कूटर पर बैठ कर साथ काम किया है। लंबे समय तक मैंने हिमाचल में काम किया। जब मैं पार्टी का काम करता था तब वह विद्यार्थी परिषद का काम करते थे। नड्डा जी पर जितना हक हिमाचल वालों का है उतना ही हक बिहार का भी है। उन्होंने बिहार में पढ़ाई की है। अटल जी भी हिमाचल के थे, नड्डा जी भी हिमाचल के हैं।”

सत्ता में रहकर पार्टी चलना चुनौती से कम नहीं-पीएम

भाजपा के पूर्व अध्यक्षों को याद करते हुए मोदी ने कहा, “यह मेरा सौभाग्य रहा है कि सभी यहां बैठे लोगों के हाथ पकड़कर चलने और काम करने का मौका मिला है। 2014 में हमने राजनाथ सिंह के नेतृत्व में चुनाव जीता। संघर्ष और संगठन के बल पर हमारी पार्टी का विकास हुआ। सत्ता में रहते हुए पार्टी चलाना एक बड़ी बात है। हम सत्ता में रहते हुए दल और सरकार के बीच अंतर को रत्ती भर कम नहीं होने देंगे। अमित भाई के कार्यकाल में सत्ता में रहते हुए दल को चलाया और विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी।” बता दें कि जे.पी. नड्डा को सोमवार को तीन साल के लिए भाजपा का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया।

Home / Political / CAA को लेकर पीएम मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला- जनता ने नकारा तो झूठ और भ्रम फैलाने में जुटा विपक्ष

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.