राजनीति

पंजाबः घमासान के बीच नवजोत सिंह सिद्धू के लिए अच्छी खबर, दूसरी पार्टियों ने दिया शामिल होने का न्योता

पंजाब कांग्रेस में नहीं थम रहा घमासान
नवजोत सिंह सिद्धू को मिला दूसरे दलों में शामिल होने का न्योता
पीडीए का दावाः सिद्धू हुए शामिल तो 2022 में होंगे मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार

Jun 13, 2019 / 02:55 pm

धीरज शर्मा

पंजाबः घमासान के बीच नवजोत सिंह सिद्धू के लिए अच्छी खबर, दूसरी पार्टियों ने दिया शामिल होने का न्योता

नई दिल्ली। पंजाब कांग्रेस में मचा घमासान कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आलाकमान तक पहुंची इस आग की आंच ने सभी को परेशान कर रखा है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच का विवाद रोज नए और रोचक मोड़ पर पहुंच रहा है। खास बात यह है कि अब दो कद्दावरों के बीच की लड़ाई का फायदा तीसरा पक्ष उठाने के मूड में है। यही वजह है कि दो की लड़ाई में तीसरे की नजर अब नवजोत सिंह सिद्धू पर पड़ी है। सिद्धू को अब दूसरी पार्टियों से ऑफर आने लगे हैं।

सिद्धू को साधने की कोशिश
पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की वाक पटुता का हर कोई कायल है। जब वो बोलते हैं तो अच्छे-अच्छों की बोलती बंद कर देते हैं। यही वजह है कि पंजाब की सियासत में नवजोत सिंह सिद्धू का अपना एक कद है। उनके इसी कद और प्रदेश ग्रेस में चल रही तू-तू, मैं-मैं का फायदा उठाने के लिए अब अन्य पार्टियों ने सिद्धू को साधने की कोशिश शुरू कर दी है।
पढेंः वायुसेना के विमान AN-32 में सवार सभी वायु सैनिक शहीद, सुबह पहुंची सर्च टीम ने की पुष्टि
सिद्धू का स्वागत
पंजाब की राजनीति में अपना अलग मुकाम बना चुके नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर यहां की राजनीतिक पार्टियों ने अपने दोनों हाथ खोलकर उनके स्वागत की तैयारी कर ली है। पंजाब एकता पार्टी के प्रमुख सुखपाल सिंह खैरा ने नवजोत सिंह सिद्धू को पार्टी में शामिल होने की पेशकश की है। खैरा के मुताबिक उनका गठबंधन सिद्धू को पूरा सम्मान देगा। बकौल खैरा फिलहाल इस बारे में सिद्धू से चर्चा नहीं हुई है लेकिन अगर वो मान जाएं तो पार्टी में उनका स्वागत है।

खैरा की माने तो कैप्टन अमिरंदर सिंह एक खास रणनीति के तहत नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ अभियान चला रहे हैं, ताकि प्रदेश कांग्रेस से उनका पत्ता साफ हो जाए। आपको बता दें कि सिद्धू के कांग्रेस में आते ही ये अटकलें लगना शुरू हो गई थीं कि सिद्धू को पार्टी मुख्यमंत्री बना सकती है। हालांकि बाद में ये सिर्फ अटकल ही साबित हुई, लेकिन कैप्टन और सिद्धू के बीच एक लकीर जरूर खिंच गई। वहीं सिद्धू के कांग्रेस आलाकमान से संबंधों को लेकर भी कई बार कैप्टन अमरिंदर सिंह को तकलीफ हुई।
 

sidhu
ये पहला ऑफर नहीं
दरअसल नवजोत सिंह सिद्धू को सुखपाल सिंह खैरा की ओर से जो ऑफर मिला है वो पहली बार नहीं है। इससे पहले भी लोक इंसाफ पार्टी के प्रमुख सिमरजीत सिंह बैंस ने भी सिद्धू को अपनी पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया था। उन्होंने कहा था कि पंजाब डेमोक्रेटिक अलायंस (पीडीए) से जुड़कर सिद्धू इसे संचालित कर सकते हैं।
ये भी पढ़ेंः गुजरात के मंत्री भूपेंद्रसिंह का दावा, बाबा सोमनाथ को नहीं ‘वायु’ से खतरा

2022 में बतौर मुख्यमंत्री करेंगे प्रोजेक्ट
यही नहीं पीडीए ने सिद्धू को गठबंधन में शामिल होने के लिए बतौर मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट करने की बात भी कही है। पीडीए के मुताबिक अगर सिद्धू अलायंस में शामिल होते हैं तो गठबंधन उन्हें आगामी 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में बतौर मुख्यमंत्री पेश करेगा।

आवाज-ए-पंजाब की जगह कांग्रेस चुनी
नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर बैंस ने कहा कि जब उन्होंने कांग्रेस को चुना तब भी उनके पास आवाज-ए-पंजाब का ऑफर था। लेकिन सिद्धू कांग्रेस के साथ गए। इस दौरान भी उन्हें रोकने की कोशिश की गई थी, लेकिन उन्होंने किसी की नहीं सुनी और कांग्रेस का हाथ थामा। इस दौरान सिद्धू को ये तर्क भी दिया गया था कि कांग्रेस बड़ी पार्टी है और यहां मौजूद बड़े नेताओं से उनकी बनेगी नहीं। बावजूद इसके नवजोत सिंह सिद्धू अपने फैसले पर काबिज रहे।

आपको बता दें कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात के बाद सिद्धू ने अब तक अपना रुख साफ नहीं किया है। पीडीए की ओर से मिल रहे ऑफर को लेकर भी फिलहाल नवजोत सिंह सिद्धू की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन इतना जरूर है कि इस तरह के ऑफर पंजाब में सिद्धू की लोकप्रियता और उनके ग्राफ को बखूबी बयां कर रहे हैं।

Home / Political / पंजाबः घमासान के बीच नवजोत सिंह सिद्धू के लिए अच्छी खबर, दूसरी पार्टियों ने दिया शामिल होने का न्योता

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.