scriptगुजरात की तर्ज पर राहुल ने मंदिर से किया कर्नाटक चुनावी अभियान का आगाज, मोदी सरकार को बताया भ्रष्ट | Rahul launches Karnataka election campaign on the lines of Gujarat | Patrika News
राजनीति

गुजरात की तर्ज पर राहुल ने मंदिर से किया कर्नाटक चुनावी अभियान का आगाज, मोदी सरकार को बताया भ्रष्ट

गुजरात के मंदिर दर्शन फॉर्मूले पर ही कर्नाटक चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए बीजेपी की नीतियों पर सवाल उठाए।

Feb 11, 2018 / 08:57 am

Mohit sharma

 Congress President Rahul Gandhi in Bellary

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जोरदार हमला बोला। गुजरात के मंदिर दर्शन फॉर्मूले पर ही कर्नाटक चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए बीजेपी की नीतियों पर सवाल उठाए। यहां कोप्पल जिले के लिंगायत समुदाय के हुलीगेमा टेंपल में दर्शन के बाद राहुल शाम को सिद्धेश्वरा मठ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कर्नाटक में भाजपा की पिछली सरकार ने भ्रष्टाचार में कीर्तिमान स्थापित किया है। पिछली सरकार के दौरान कई घोटाले हुए। कर्नाटक के बेल्लारी जिला स्थित होसपेट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचार की बात करते हैं और यह भूल जाते हैं कि बी. एस. येदियुरप्पा की अगुवाई में भाजपा सरकार ने यहां भ्रष्टाचार में कीर्तिमान स्थापित किया है। यहां जमीन व खनन घोटाले हुए हैं।

 

https://twitter.com/ANI/status/962344472821555206?ref_src=twsrc%5Etfw

येदियुरप्पा 2008 से लेकर 2011 तक रहे सीएम

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष येदियुरप्पा 2008 से लेकर 2011 तक प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। जमीन घोटाले में संलिप्तता के आरोप में उनको मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़नी पड़ी थी। राहुल गांधी कर्नाटक के चार दिन के दौरे पर हैं। यहां अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने वाला है। दिसंबर में कांग्रेस की कमान संभालने के बाद राहुल गांधी का यह प्रदेश का पहला दौरा है। उन्होंने बेल्लारी से पार्टी के चुनावी अभियान का आगाज किया। बेल्लारी लोकसभा चुनाव में उनकी मां व पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 1999 में भारतीय जनता पार्टी की नेता सुषमा स्वराज को शिकस्त दी थी। उन्होंने दावा किया कि सिद्धारमैया की अगुवाई में प्रदेश सरकार ने स्वच्छ प्रशासन दिया है।

 

https://twitter.com/hashtag/Karnataka?src=hash&ref_src=twsrc%5Etfw

सिद्धारमैया सरकार पर गर्व

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमें सिद्धारमैया सरकार पर गर्व है, जिसने स्वच्छ प्रशासन दिया है। जब हम आगे फिर सत्ता में आएंगे तो हम इससे दोगुना काम करेंगे। राहुल ने कहा कि हालांकि कांग्रेस पार्टी यह दावा नहीं कर रही है कि किसी एक पार्टी या व्यक्ति ने कर्नाटक का विकास किया है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक का निर्माण किसी एक आदमी ने नहीं किया है, बल्कि यहां के किसानों, महिलाओं, युवाओं और मजदूरों ने किया है। राहुल यहां अनुच्छेद 371-जे के लाभार्थियों से भी मिले, जिसके तहत हैदराबाद-कर्नाटक क्षेत्र के लोगों को रोजगार व शिक्षा में वरीयता दी जाती है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने हैदराबाद-कर्नाटक क्षेत्र के लोगों को विशेष दर्जा देने का भरोसा दिया था, जिसे उन्होंने पूरा किया। लेकिन भाजपा कहती है कि यह संभव नहीं है। राहुल ने कहा कि क्षेत्र को इस समय 4,000 करोड़ रुपये का अनुदान मिलता है, जबकि पिछली सरकार में महज 350 करोड़ मिला था।” जनसभा में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया भी मौजूद थे। राहुल पास के शहर कोप्पल स्थित हुलीगामा मंदिर भी गए। वह गावी सिद्धेश्वरा लिंगायत मठ भी गए और मठ के प्रमुख से मुलाकात की।

 

Home / Political / गुजरात की तर्ज पर राहुल ने मंदिर से किया कर्नाटक चुनावी अभियान का आगाज, मोदी सरकार को बताया भ्रष्ट

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो