बेंगलूरु। स्मृति ईरानी ने
नरेंद्र मोदी को हिटलर जैसा बताने और केंद्र सरकार की आलोचना करने पर राहुल गांधी को धन्यवाद कहा है। केंद्रीय कपड़ा और सूचना एवं प्रसारण मंत्री ईरानी ने अपने ट्वीट में राहुल को टैग करते हुए लिखा, ‘आपने जो कुछ किया है, उसके लिए आपको थैंक्यू। खासतौर से भाजपा की तरफ से!’ ईरानी ने दूसरे ट्वीट में भी राहुल को टैग करते हुए लिखा, ‘राहुल आप 42 साल लेट हो गए हैं। यह अनुमान लगाने के लिए कोई ईनाम नहीं है कि हिटलर से कौन प्रेरित था, किसने देश पर आपातकाल थोपा और किसने देश के लोकतंत्र को कुचल दिया।’
स्मृति ईरानी ने अपने एक और ट्वीट में लिखा, एक निराशाजनक भविष्य कांग्रेस का इंतजार कर रहा है, न कि देश के लिए।
यह कहा था राहुल ने
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को बेंगलुरू के भीमराव अंबेडकर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में हिटलर के एक वाक्य का उल्लेख करते हुए राजग सरकार की तुलना हिटलर के शासनकाल से की और परोक्ष रूप से प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी को हिटलर कह दिया था। राहुल ने अपने ट्वीट में लिखा था, ‘हिटलर ने एक बार कहा था सच्चाई पर मजबूत पकड़ बनाए रखिए, जिससे कि आप कभी भी उसका गला घोंट सकें। आज हमारे आसपास यही हो रहा है।’
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पुद्दुचेरी की उपराज्यपाल
किरण बेदी को एक पोस्टर में हिटलर बताए जाने के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष ने भी मोदी पर उसी अंदाज में हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि देश में सच का गला घोंटा जा रहा है। राहुल यहीं नहीं रुके उन्होंने यह भी कहा था कि,
रोहित वेमुला ने सुसाइड नहीं किया, उसका मर्डर किया गया था क्योंकि वह एक दलित था।
रोहित वेमुला हैदराबाद विश्वविद्यालय का एक शोध छात्र था। पिछले साल उसने कथित तौर पर सुसाइड कर लिया था। इस मामले को लेकर देशभर में काफी विवाद हुआ था। राहुल ने
रोहित वेमुला सुसाइड केस, दादरी कांड और नोटबंदी पर कई ट्वीट करके भी मोदी सरकार पर वार किया था।
लोकतंत्र को कैद करने की कोशिश
राहुल ने आरोप लगाया था कि पीएम मोदी और आरएसएस ने देश की ज्यादातर संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने कहा, आज जो हो रहा है वह लोकतंत्र को कैद करने की कोशिश है। यह काम नौकरशाह, पीएम मोदी और आरएसएस तीनों मिलकर कर रहे हैं। सच और ताकत एक ही चीज नहीं होती है। देश में सच का गला घोंटा जा रहा है। देश के राजा के आसपास मौजूद किसी की भी हिम्मत नहीं है कि उनसे यह बात कह सके। दादरी कांड पर राहुल ने कहा, मोहम्मद अखलाक को पीट-पीटकर मार दिया गया क्योंकि उसने कहा था कि उसने बछड़ा चुराया है। यह एक झूठ था। पूछताछ से पहले ही उसकी निर्ममता से हत्या कर दी गई। उसकी मौत की जगह बीफ पर सवाल होने लगे। उसके बाद यह सवाल खड़ा किया गया कि फ्रिज में बीफ था या मटन।
Home / Political / राहुल गांधी ने मोदी को बताया हिटलर, स्मृति ने किया पलटवार