scriptआज मनाई जाएगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मंदिरों में सुबह से होंगे विभिन्न धार्मिक आयोजन | Sri Krishna Janmashtami will be celebrated today, various religious ev | Patrika News
प्रतापगढ़

आज मनाई जाएगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मंदिरों में सुबह से होंगे विभिन्न धार्मिक आयोजन

निजी स्कूलों में हुए विभिन्न कार्यक्रम

प्रतापगढ़Aug 24, 2019 / 10:51 am

Hitesh Upadhyay

आज मनाई जाएगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मंदिरों में सुबह से होंगे विभिन्न धार्मिक आयोजन

आज मनाई जाएगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मंदिरों में सुबह से होंगे विभिन्न धार्मिक आयोजन

प्रतापगढ़. इस वर्ष जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार और शनिवार को दो दिन मनाया जा रही है। शनिवार को सूर्योदय के समय तो अष्टमी नहीं है लेकिन बाद में अष्टमी शुरू होने से जिले में कुछ मंदिरों में अष्टमी के आयोजन शनिवार को रखे गए हैं वहीं कुछ में ये आयोजन रविवार को होगे। रविवार को सूर्योदय के समय तो अष्टमी होगी लेकिन सुबह करीब सवा आठ बजे के बाद नवमी शुरू हो जाएगी। ऐसे में जिले के अधिकांश मंदिरों में सूर्योदय की तिथि तथा वृंदावन में रविवार को जन्माष्टमी मनाए जाने के कारण इसी दिन आयोजन किया जाएगा।
मंदिरों में आज सजाएंगे झांकियां
जिले भर में कृष्ण मंदिरों में भगवान श्री कृष्ण की झांकियां सजाई जाएगी। वहीं सुबह से मंदिरों में कई आयोजन आयोजित किए जाऐंगे। वहीं कृष्ण मंदिरों में विद्युत सजावट की गई है।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर युवाओं ने किया जरूरतमंद व्यक्तियों को रक्तदान
प्रतापगढ़. परमार्थ चैरिटेबल सोसायटी की ओर से कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए रक्तदान किया गया। प्रवक्ता किशोर छाबड़ा ने बताया कि सोसायटी अध्यक्ष अक्षय दीवान अहीर ने भुवनेश सिंह चारण, अजीत जैन, नितेश सिंह सिसोदिया एवं सभी रक्त दाताओं को सहित सभी को धन्यवाद एवं साधुवाद अर्पित किया। जिला चिकित्सालय ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए परमार्थ चैरिटेबल सोसायटी द्वारा बहुत जल्द रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
भगवान कृष्ण से लें पुरुषार्थ की प्रेरणा : साध्वी कीर्तिसुधा
.वर्धमान स्थानक भवन गोपालगंज आनंद मालव कीर्ति दरबार में चातुर्मास कर रही साध्वी कीर्ति सुधा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने कर्मयोग का सिद्धांत प्रतिपादित किया। व्यक्ति को पुरुषार्थ करने की प्रेरणा श्रीकृष्ण से लेनी चाहिए। किसी भी अवस्था में व्यक्ति को निराश नहीं होकर संघर्ष के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अहंकार मनुष्य का नाश करता है। कंस अहंकार में उद्वेलित था और अहंकार के कारण ही उसने अपने पिता, बहन और बहनोई को कई यातनाएं देकर कारागृह में बंद कर रखा था। छोटे भ्राता ने दीक्षा ग्रहण की थी। भिक्षावृत्ति के लिए जब वे घर आए, तब उनकी पत्नी जीवयशा ने उनका बहुत अपमान किया तब छोटे भ्राता ने जीवयशा को श्राप दिया कि बहुत जल्दी तुम अपना सौभाग्य खो दोगी। उन्होंने कहा कि उनकी अपनी बहन की सातवीं संतान तुम्हारा अंत कर देगी। इसी कारण देवकी महारानी के छह संतानों का कंस ने अंत कर दिया। देवकी महारानी ने सातवीं संतान के रूप में कृष्ण को जन्म दिया।
वसुदेव बालक श्रीकृष्ण को यशोदा के यहां छोड़ आए। बाल अवस्था में श्रीकृष्ण ने कई लीलाएं की। श्री कृष्ण ने कर्मयोग का सिद्धांत प्रतिपादित किया व्यक्ति को पुरुषार्थ करने की प्रेरणा श्रीकृष्ण से लेनी चाहिए। किसी भी अवस्था में व्यक्ति को निराश नहीं होकर संघर्ष के लिए तैयार रहना चाहिए। महासती कीर्ति सुधा ने श्री कृष्ण जन्म उत्सव पर एक मधुर गीत प्रस्तुत किया, ‘पुरुषोत्तम प्रकटे अवतारी जग में महिमा भारी’।
केशवराय मंदिर में सुबह से होंगे आयोजन
शहर के सदर बाजार स्थित कैशवराय मंदिर पर भी कृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर कई आयोजन किए जाऐंगे। पंडित कन्हैयालाल ने बताया कि सुबह साढ़े 10 बजे 51 ब्राहमणों की ओर से 108 किलो दुध से भगवान का अभिषेक किया जाएगा। जिसके बाद शाम 8 बजे से भजन संख्या का आयोजन किया जाएगा। जिसके बाद रात 12 बजे भगवान का ज्न्मोत्सव मनाया जाएगा।
जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों में तैयारियों पूर्ण
छोटीसादड़ी. उपखण्ड के नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को धूमधाम से मनाई जाएगी। जन्माष्टमी उत्सव को लेकर मंदिर में रंगाई-पुताई के बाद विद्युत से सजावट का काम पूर्ण कर दिया गया है। नगर में इस बार मुख्य रूप से कई स्थानों पर प्रमुख आकर्षक झांकिया सजाई जाएगी।नगर के प्रमुख व प्रसिद्ध चारभुजा मन्दिर में महिलाओं ने धनिये को छानने व साफ सफाई कर भगवान के जन्मोत्सव पर भोग लगाई जाने वाले प्रसाद पंजेरी के लिए भी तैयारी पूर्ण करने में लगी हुई है। साथ ही रात 12 बजे श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर महाआरती के बाद प्रसादी का वितरण होगा। रात में मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन भी होगा। जन्माष्टमी को लेकर मंदिर परिसर में आकर्षण विद्युत सज्जा की गई है। वही नगर के यादव मोहल्ला स्थित राधा कृष्ण मंदिर पर यादव समाज की ओर से उत्सव को भव्य व आकर्षक मनाने के लिए तैयारियां करली गई है। वही उत्सव को लेकर नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में मटकी फोड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी मंदिरों पर बाहर से आने वाले ग्रामीणों के लिए प्रसादी के रूप में खिचड़ी सहित अन्य प्रकार की प्रसादी वितरित की जाएगी। मनाए जाने वाले जन्माष्टमी पर्व की तैयारियों की धूम का आलम ये है कि गली मोहल्लों के साथ ही प्रमुख मंदिरों व सार्वजनिक स्थलों पर झांकिया बनाने व सजाने में बच्चों से लेकर बड़ों तक अभी तक जुट गए है। जोश इस कदर है कि शनिवार को शहर में हर घर-घर कान्हा का ही नजारा होगा।

Home / Pratapgarh / आज मनाई जाएगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मंदिरों में सुबह से होंगे विभिन्न धार्मिक आयोजन

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो