प्रतापगढ़ के मानधाता थाना क्षेत्र के पीपरपुर ढेमा गांव के रहने वाले मथुरा प्रसाद पटेल व पड़ोसी विजय से जमीन को लेकर विवाद है। इसी विवाद के बीच जमीन को अपना बताते हुए विजय ने इस विवादित जमीन पर दीवार का निर्माण करना शुरू कर दिया। पहले तो मथुरा ने विजय को दीवार बनाने से रोकने का प्रयास किया। कहा कि विवादित जमीन पर वो निर्माण न करायें। पर जमीन विजय नहीं माना तो इसकी सूचना पुलिस वालों को दी गई।
विवाद की जानकारी मिलते ही हल्का दरोगा कमल कुमार रस्तोगी होमगार्ड जीतलाल को लेकर बाइक से मौके पर पहुंचे। उन्होंने काम बंद करा दिया। काम रूकते ही विजय के परिवार के लोग आग बबूला हो गये। महिलाओं ने काम रोकने की वजह पूछी। यह पूछते ही दोनों पुलिस के जवानों ने महिलाओं से पुलिसिया रौब गांठ दिया आरोप है कि महिलाओं पर अभद्र शब्दों को प्रयोग कर दिया।
फिर क्या था पहले को काम रोकने की खीझ फिर अभद्रता की गुस्सा से महिलाओं का पारा सातवें आसमान पर जा पहुंचा। गुस्साई महिलाओं ने दोनों पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया। दोनों पुलिसकर्मियों पर कई डंडे बरसाए। गुस्सा देखते हुए दोनों ने किसी तरह से जान बचाने की जुगत बनाई। वहां से भागकर निकल पड़े। फिर भी महिलाओं ने दौड़ा कर हमला कर दिया। किसी तरह से दोनों पास के ही एक मकान में घुसकर अपनी जान बचाई।
तत्काल हल्का दरोगा ने थाने पर जानकारी दिया। भारी फोर्स के साथ थानाध्यक्ष मौके पर पहुंच गये। अनीता देवी पत्नी अजय कुमार, मंजू देवी पत्नी राजेंद्र, कुसुम देवी पत्नी चंद्रशेखर और सुषमा देवी पत्नी लवकुश को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस मामले में मथुरा प्रसाद की तहरीर पर पुलिस विजय के परिवार के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसपी ने बताया कि इस मामले में चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि तीन की तलाश की जा रही है।