अपने विधानसभा क्षेत्र राजनांदगांव जा रहे डॉ. सिंह का यहां चंद्रा-मौर्या चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि वे विधानसभा चुनाव में मिले जनादेश को स्वीकार करते हैं। पार्टी हार की समीक्षा भी कर रही है। इसके साथ ही पार्टी 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी भी शुरू कर दी है।
प्रदेश में कांग्रेस की नई सरकार गठन के कुछ घंटे के भीतर ही किसानों का कर्ज माफ, 2500 रुपए धान का समर्थन मूल्य की घोषणा पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सबका अपना-अपना घोषणा पत्र होता है। यह बात जरूर है कि इससे किसानों का कुछ झुकाव दूसरे दल की ओर चला गया। आने वाले समय में फिर से भाजपा की ओर लौट आएगी। पहले ही दिन नई सरकार की प्रशासनिक सर्जरी को पूर्व मुख्यमंत्री ने राजनीति से प्रेरित बताया।
इसके पूर्व नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष रिकेश सेन की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. रमन और उनके पुत्र राजनांदगांव के सांसद अभिषेक सिंह का बाजे-गाजे और फूलमाला से स्वागत किया। युवाओं और महिला कार्यकर्ताओं की भीड़ व स्वागत से अभिभूत डॉ. रमन ने कहा कि ऐसा ही जोश, उत्साह और ऊर्जा बनाए रखिए। अभी से लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाइए।