पुलिस के मुताबिक रविवार को दोपहर में छोटा अशोक नगर की ओर से बाइक सवार सुनील दुबे (35) अपनी दोपहिया से आ रहे थे। उसी दौरान गोंदवारा रोड पर केनरा बैंक के सामने तेज रफ्तार स्कर्पियो (सीजी04 एडब्ल्यू 8666) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोपहिया सहित सुनील करीब 50 मीटर तक घसीटते चले गए। स्कार्पियो उनके ऊपर से निकल गई। उन्हें गम्भीर अवस्था में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। गुढिय़ारी पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। सुनील एक राजनीतिक दल से जुड़े थे। सड़क हादसे की जानकारी मिलते ही कई नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली।
खतरनाक चौराहों से बढ़े हादसे
गुढिय़ारी इलाके में कई दुर्घटनाजन्य चौक चौराहे है, जिसकी वजह से हादसे हो रहे हैं। तेलुगू चौक, रामनगर वाला चौक, छत्तीसगढ़ महतारी चौक में भी आए दिन घटनाएं होती रहती है। कई चौराहों पर लगे हुए सीसीटीवी बंद हैं। इसी तरह ट्रैफिक सिग्नल लगे हुए हैं लेकिन काम नहीं करते हैं। कई जगह ब्रेकर भी नहीं बने हैं। इस वजह सड़क हादसे हो रहे हैं।