script5 वर्षों में 100 फीसदी बढ़ी कांग्रेस और भाजपा के इन विधायकों की सम्पत्ति | Chhattisgarh Election: Property of BJP MLAs increased 100 percent | Patrika News
रायपुर

5 वर्षों में 100 फीसदी बढ़ी कांग्रेस और भाजपा के इन विधायकों की सम्पत्ति

पिछले पांच वर्षों में भाजपा विधायकों की सम्पत्ति 100.79 प्रतिशत बढ़ गई है

रायपुरNov 14, 2018 / 08:55 am

Deepak Sahu

CGNews

5 वर्षों में 100 फीसदी बढ़ी कांग्रेस और भाजपा के इन विधायकों की सम्पत्ति

रायपुर. पिछले पांच वर्षों में भाजपा विधायकों की सम्पत्ति 100.79 प्रतिशत बढ़ गई है। इसी दौरान प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के विधायकों की सम्पत्ति में 0.78 प्रतिशत, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ में शामिल विधायकों की 10.81 प्रतिशत और बहुजन समाज पार्टी के विधायक केशव चंद्रा की सम्पत्ति 93.88 प्रतिशत बढ़ी है।
वहीं एकमात्र निर्दलीय विधायक विमल चोपड़ा की सम्पत्ति भी 21.17 प्रतिशत बढ़ गई है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) ने दोबारा चुनाव लड़ रहे 69 विधायकों के शपथपत्रों का विश्लेषण करने के बाद यह निष्कर्ष निकाला है। इस चुनाव में भाजपा ने 34, कांग्रेस ने 30, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने 3 और बसपा ने एक विधायक को दोबारा मौका दिया है। भाजपा विधायकों में नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल की सम्पत्ति सबसे अधिक 840 प्रतिशत बढ़ी है।
2013 चुनाव में दिए शपथपत्र और 2018 के चुनाव में दिए शपथपत्र में अग्रवाल की सम्पत्ति 21 करोड़ 31 लाख रुपए से अधिक बढ़ी है। कांग्रेस से मस्तुरी विधायक दिलीप लहरिया की सम्पत्ति इन्हीं पांच वर्षों में 2590 प्रतिशत बढ़ गई है। 2013 में लहरिया ने अपनी सम्पत्ति 5 लाख 23 हजार रुपए बताई थी। 2018 चुनाव में लहरिया ने अपनी सम्पत्ति की कीमत 1 करोड़ 40 लाख 86 हजार घोषित की है। मतलब 1 करोड़ 35 लाख 62 हजार रुपए अधिक। घोषणापत्र के मुताबिक उनकी आय का स्रोत कृषि और विधायक के रूप में मिलने वाली सुविधाएं हैं।

इन 10 विधायकों की सम्पत्ति सबसे अधिक बढ़ी
विधायक – पार्टी – सम्पत्ति बढ़ी %
दिलीप लहरिया – कांग्रेेस – 2590
अमर अग्रवाल – भाजपा – 840
चिंतामणि महाराज – कांग्रेस – 427
दीपक कुमार बैज – कांग्रेस – 384
सनम जांगड़े – भाजपा – 372
पारसनाथ राजवाड़े – कांग्रेस – 368
भैयालाल राजवाड़े – भाजपा – 254
लखेश्वर बघेल – कांग्रेस – 243
मोहन मरकाम – कांग्रेस – 235
बृजमोहन अग्रवाल – भाजपा – 232

सीएम की 91 तो कांग्रेस अध्यक्ष की 176 प्रतिशत सम्पत्ति बढ़ी
मुख्यमंत्री रमन सिंह की सम्पत्ति में 91 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। 2013 में उन्होंने 5 करोड़ 10 लाख रुपए सम्पत्ति घोषित की थी, जबकि 2018 में अपनी सम्पत्ति 10 करोड़ 72 लाख रुपए बताई है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष भूपेश बघेल की सम्पत्ति पिछले पांच वर्षों में 8 करोड़ 34 लाख 10 हजार से बढकऱ 23 करोड़ 5 लाख 26 हजार हो गई यानी 176 प्रतिशत बढ़ी है।

Home / Raipur / 5 वर्षों में 100 फीसदी बढ़ी कांग्रेस और भाजपा के इन विधायकों की सम्पत्ति

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो