आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने कहा- शराबबंदी होगी, किसान होंगे समृद्ध
प्रभारी मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि छत्तीसगढ़ को दिल्ली की तरह मॉडल बनाने की जरूरत नहीं है। यह प्रदेश देश के लिए अपने आप में एक नया मॉडल बनकर उभरा है।

रायपुर/धमतरी. प्रभारी मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि छत्तीसगढ़ को दिल्ली की तरह मॉडल बनाने की जरूरत नहीं है। यह प्रदेश देश के लिए अपने आप में एक नया मॉडल बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में हमारी सरकार ने नरवा, गरवा घुरूवा और बाड़ी योजना शुरू कर किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने का काम शुरू किया है, जिसका सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहा है।
वे कांकेर से वापस रायपुर जाते समय कुछ समय के लिए धमतरी के मकई चौक में रूके। यहां उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि केजरीवाल की राजनीति केवल दिल्ली तक ही है। इससे बाहर उनकी राजनीति नहीं चलेगी। भूपेश सरकार ने सभी वर्ग के लोगों के खुशहाली के लिए कई योजनाएं शुरू की, जिसका आज उन्हें लाभ मिल रहा है।
शराबबंदी के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने घोषणा पत्र में शराबबंदी करने का वादा किया है, जिसे धीरे-धीरे पूरा किया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि प्रदेश में अब तक 35 शराब दुकानों को बंद किया गया है। एक फरवरी से 49 बियर बार को बंद किया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्वीकार किया कि प्रदेश में शराब की खपत बढ़ी तो है, लेकिन इससे मिलने वाली राशि को आमजनता के हित में लगाया जा रहा है। शराब से मिलने वाले राजस्व का 3 सौ करोड़ की राशि को किसानों को समृद्ध बनाने के लिए खर्च किया जाएगा। इसका फैसला हमारी सरकार ने किया है। मौके पर जिला कांग्रसाध्यक्ष मोहन लालवानी, महापौर विजय देवंागन, पूर्व विधायक हरषद मेहता, जिला पंचायत अध्यक्ष कांति सोनवानी, जनपद अध्यक्ष गुंजा साहू, शरद लोहाना, नीशु चंद्राकर, आलोक जाधव, राजेश पांडे, राजेश ठाकुर, अवैश हाशमी समेत कांग्रेसी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।
लखमा ने दी चेतावनी
आबकारी मंत्री लखमा ने कहा कि धमतरी समेत प्रदेश में जितने भी शराब दुकानों के पास अवैध रूप से खोमचे संचालित है, उसे हटाया जाएगा। नियम विरूद्ध कोई खोमचा लगाता है, तो कार्रवाई की जाएगी। जर्दायुक्त गुटखे पर प्रतिबंध लगा हुआ है। कोई भी इसे अवैध रूप से बेचते हुए पाया गया तो कानूनी कार्रवाई करेंगे।
जनता ने मिला समर्थन
उन्होंने भूपेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस को नगर निगम, जिला पंचायत और ग्राम पंचायत चुनाव में अपार सफलता मिली है। 138 साल के बाद धमतरी नगरी निगम को कांग्रेस ने फतह कर इतिहास रचा है। इसी तरह 20 साल बाद जिला पंचायत में कांग्रेस की सरकार बनी है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में 95 फीसदी जगहों पर आज कांग्रेस का कब्जा है। आम जनता ने बड़ी उम्मीद के साथ कांग्रेस को अपना समर्थन दिया है। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी जनता के प्रति बढ़ गई है, जिस पर खरा उतरने का प्रयास हमारी कर रही है।
अब पाइए अपने शहर ( Raipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज