scriptदिवाली पर मां लक्ष्मी को ऐसे करें प्रसन्न, जाने पूजा का शुभ मुहूर्त | In this way please Goddess Lakshmi on Diwali, know auspicious time. | Patrika News
रायपुर

दिवाली पर मां लक्ष्मी को ऐसे करें प्रसन्न, जाने पूजा का शुभ मुहूर्त

दिवाली के दिन दीपों की रोशनी में मां लक्ष्मी घर में आती हैं। ये भी मान्यता है कि प्रभु श्री राम की अयोध्या वापसी पर लोगों ने उनका स्वागत घी के दिये जलाकर किया। अमावस्या की काली रात को रोशन हो गई। इसलिए दिवाली को प्रकाशोत्सव भी कहा जाता है।

रायपुरOct 24, 2019 / 01:32 am

bhemendra yadav

दिवाली पर मां लक्ष्मी को ऐसे करें प्रसन्न, जाने पूजा का शुभ मुहूर्त

Diwali Festival

रायपुर. कार्तिक मास की अमावस्या को दिवाली मनाई जाती है। इस बार देशभर में 27 अक्टूबर को दिवाली का त्योहार मनाया जाएगा। इस दिन मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। माता लक्ष्मी की कृ पा पाने के लिए इस दिन को बहुत ही शुभ माना जाता है। मान्यता है कि दिवाली के दिन दीपों की रोशनी में मां लक्ष्मी घर में आती हैं। ये भी मान्यता है कि प्रभु श्री राम की अयोध्या वापसी पर लोगों ने उनका स्वागत घी के दिये जलाकर किया। अमावस्या की काली रात को रोशन हो गई। इसलिए दिवाली को प्रकाशोत्सव भी कहा जाता है। आइए आपको बताते हैं कि शास्त्रों व धर्मग्रंथों के अनुसार इस वर्ष दिवाली पर लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त कौन सा है। इस वर्ष श्री शुभ संवत् 2076 शाके 1941 रविवार 27 अक्टूबर को अमावस्या दिन में 11.51 बजे से लग रही है जो प्रदोष काल में मिल रही है। दूसरे दिन 28 अक्टूबर को अमावस्या दिन में 9.44 बजे तक है, जो प्रदोष काल में नहीं मिल रही है।

दिवाली का शुभ मुहूर्त

दिवाली में लक्ष्मी पूजा का विशेष महत्व है। इस बार दिवाली के दिन लक्ष्मी पूजा मुहूर्त शाम के वक्त है। लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 6 बजाकर 42 मिनट से लेकर रात 8 बजकर 11 मिनट तक चलेगा।
दिवाली के दिन प्रदोष काल में पूजा करनी भी शुभ मानी जाती है। प्रदोष काल शाम 5 बजकर 36 मिनट से शुरू होकर रात 8 बजकर 11 मिनट तक चलेगा।
वृषभ काल शाम 7 बजकर 42 मिनट से लेकर रात 8 बजकर 37 मिनट तक चलेगा।
अमावस्या तिथि 27 अक्टूबर को 12 बजकर 23 मिनट से लग जाएगी।
अमावस्या तिथि का समापन 28 अक्टूबर को सुबह 9 बजकर 8 मिनट पर होगा।

मां लक्ष्मी को ऐसे करें प्रसन्न

मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के तरीके बहुत आसान हैं, लेकिन ज्यादतर लोगों को इसकी जानकारी नहीं होती है। मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए शास्त्रों में कई उपाय भी दिए गए हैं, जिन्हें करके आसानी से मां की कृपा पाई जा सकती है। लक्ष्मी कृपा पाने के इन्हीं में से कुछ चुनिंदा उपाय जानिए।
-महालक्ष्मी के महामंत्र ऊँ श्रीं ह्रीं श्रीं कमले कमलालये प्रसीद प्रसीद् श्रीं ह्रीं श्रीं ऊँ महालक्ष्मयै नम: का कमलगट्टे की माला से कम से कम 108 बार जाप करेंगे तो आपके ऊपर मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहेगी।
-दिवाली वाले दिन लक्ष्मी पूजन के बाद घर के सभी कमरों में शंख और घंटी बजाना चाहिए। इससे घर की सारी निगेटिविटी दूर हो जाएगी।
-दिवाली पर महालक्ष्मी के पूजन में पीली कौडिय़ां रखें। इससे धन संबंधी सभी परेशानियां दूर होंगी।
-दिवाली वाले दिन शिवलिंग पर अक्षत यानी चावल चढ़ाएं। ध्यान रहे सभी चावल पूर्ण होने चाहिए।
-लक्ष्मी पूजन में हल्दी की गांठ जरूरी रखें और पूजा के बाद इसे अपनी तिजोरी में रखें।
-इस दिन पीपल के पेड़ में जल जरूर दें। इससे शनि के दोष और कालसर्प दोष खत्म हो जाता है।

इन 6 जगहों र जरुर जलाए दीए. मां लक्ष्मी होंगी प्रसन्न

दिवाली की रात मां लक्ष्मी पृथ्वी पर भ्रमण करती हैं और अपने भक्तों के घर में वास करती हैं। मां को प्रसन्न करने के लिए कई दिन पहले से तैयारी शुरू हो जाती हैं और दिवाली रात तक कई तरह की परंपराएं निभाई जाती हैं। जिससे मां लक्ष्मी के आशीर्वाद से जीवन में कभी भी धन वैभव और सुख-समृद्धि की कमी ना हो। शास्त्रों के अनुसार, दिवाली की रात अपने घर के अलावा ऐसी 6 जगहों के बारे में भी बताया गया है, जहां आपको कम से कम एक दीपक जरूर जलाना चाहिए। इससे मां लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
1. दिवाली की रात गणेश-लक्ष्मी की पूजा से पहले पीपल के पेड़ के नीचे एक दीपक जरूर जलाना चाहिए और फिर पीपल को अपने मन की बात बता दें। ध्यान रहे कि दीपक जलाने के बाद पीछे पलटकर ना देखें। ऐसा करने से घर में धन-धान्य की कमी नहीं होगी।
2 . दिवाली की रात आप बेल पत्र के पेड़ (जिसके पत्ते भगवान शिव पर चढ़ाए जाते हैं) के नीचे एक जलता दीपक जरूर रख दें, ऐसा करने से भगवान शिव का आशीर्वाद आपको जरूर मिलेगा। महादेव की कृपा से आपके जीवन में चल रही सभी समस्याओं का अंत हो जाएगा।
3. दिवाली अमावस्या के दिन पड़ती है इसलिए एक दीपक अगर संभव हो सके तो श्मशान में भी जलाकर आएं। यदि आसपास शमशान ना हो तो किसी सुनसान जगह अधेंरे में एक दीपक रख दें। ऐसा करने से ग्रह नक्षत्र का दोष दूर होगा और माता लक्ष्मी का आशीर्वाद मिलेगा।
4. गणेश-लक्ष्मी के पूजन से पहले घर के आसपास के सभी मंदिरों में भी दीपक जरूर जलाएं। ऐसा करने से आपको देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त होगा। दीपक जलाने के मकसद यह है कि ज्योति के रूप में माता लक्ष्मी वहां है और हम उनकी पूजा कर रहे हैं।
5. घर के आसपास और चौराहों पर भी पूजन से पहले दीपक जरूर जलाना चाहिए। ऐसा करने से आपकी आर्थिक समस्या दूर होगी और माता लक्ष्मी का घर में वास भी होगा।
6. धन की कामना करने वाले व्यक्ति घर के आंगन में एक रंगोली बनाएं और लक्ष्मी-गणेश की पूजा के स्थान के अलावा एक अखंड दीपक रंगोली के बीच में रख दें। साथ ही ऐसी व्यवस्था करें, जिससे दीपक पूरी रात जलता रहे।

पौराणिक कथाओं के अनुसार…

भगवान राम इसी दिन लंका पर विजय प्राप्त कर और अपने 14 वर्ष का वनवास पूरा करके वापस अयोध्या लौटे थे। उनके आने की खुशी में पूरे राज्य को दीपों से सजाया गया था। तभी से यह त्योहार मनाया जाता है। लोग इस दिन मां लक्ष्मी की पूजा भी करते हैं। कहा जाता है कि धन की देवी मां लक्ष्मी इस दिन घर में प्रवेश करती हैं। इस दिन धन-संपदा और शांति के लिए लक्ष्मी और गणेश भगवान की विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन होता है। दिवाली में हर कोई अपने घर की सफाई कर उसे सुंदर देखना चाहता है।

Home / Raipur / दिवाली पर मां लक्ष्मी को ऐसे करें प्रसन्न, जाने पूजा का शुभ मुहूर्त

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो