scriptनक्सली क्षेत्र के बच्चे भी अब पढ़ेंगे अंग्रेजी, सुधरेगा शिक्षा का स्तर | Naxal area Children also study English now level of education improve | Patrika News
रायपुर

नक्सली क्षेत्र के बच्चे भी अब पढ़ेंगे अंग्रेजी, सुधरेगा शिक्षा का स्तर

विधायक और कलेक्टर ने स्वामी आंत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में करवाया बच्चों को प्रवेश। शिक्षा में अब मिलेगी गुणवत्ता।
 

रायपुरJul 12, 2022 / 05:21 pm

Vinayak Singh

bstr.jpg

कोण्डागांव। जिले के दूरस्थ क्षेत्र मर्दापाल में शासकीय स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने की घोषणा पिछले दिनों सीएम ने अपने प्रवास के दौरान किया था। जिसकी विधिवत शुरूआत क्षेत्रीय विधायक व अध्यक्ष हस्तशिल्प विकास बोर्ड चंदन कश्यप व कलेक्टर दीपक सोनी ने सोमवार की सुबह स्कूल परिसर में नव प्रवेशी बच्चों को तिलक लगाते व मिठाई खिलाकर किया।

दूरस्थ इलाके में इस विद्यालय के प्रारंभ होने से इस ईलाके के बच्चे और ग्रामीणों में काफी उत्साह भी देखने को मिल रहा है और यहॉ के ग्रामीण पालको का भी सपना अब अपने बच्चों को अंग्रेजी स्कूल में पढ़ाने का पूरा हो रहा है। विधायक चंदन कश्यप ने मर्दापाल में शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल की सौगात के लिए क्षेत्र के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि, हमारी सरकार की सोच गरीब एवं कमजोर तबके के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। इसी को मद्देनजर रखकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा इस दूरस्थ वनांचल ईलाके में उक्त स्कूल को खोलने की घोषणा की गई। अब इस क्षेत्र के बच्चे भी अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा ग्रहण कर बेहतर भविष्य निर्माण कर सकेंगे। उन्होंने क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को खूब मेहनत एवं लगन के साथ पढ़ाई कर कलेक्टर, डॉक्टर, इंजीनियर बनकर घर-परिवार, गांव और क्षेत्र का नाम रौशन करने की समझाईश दी।

जिला प्रशासन इस क्षेत्र के बच्चों की शिक्षा के प्रति समर्पण को ध्यान में रखकर इंजीनियरिंग, चिकित्सा आदि उच्च शिक्षा के लिए प्रवेश परीक्षाओं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। जिससे इन बच्चों का सपना साकार हो सके। उन्होंने मर्दापाल के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में सभी सुविधाओं की उपलब्धता शीघ्र सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। इस आयेाजन के साथ ही अतिथियों ने सरस्वती साईकल योजनांतर्गत 14 साईकिलों का कक्षा 9वीं की नव प्रवेशी छात्राओं को वितरण किया गया। वहीं क्षेत्र के 16 हितग्राहियों को व्यक्तिगत वनाधिकार पट्टे प्रदान किये गये। इस दौरान भगवती पटेल, चित्रकांत चार्ली ठाकुर, अशोक पटेल सहित अन्य मौजूद रहे।

विधायक देगे प्रतिभावान छात्रों को सम्मान निधी
क्षेत्रीय विधायक कश्यप ने बालक एवं कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, जो छात्र-छात्राएं 10वीं एवं 12वीं में 60 प्रतिशत से अधिक प्राप्तांक हासिल करेंगे उन्हें 10 हजार रूपये की सम्मान निधि प्रदान किया जायेगा। वही कलेकटर सोनी ने कहा कि, शासन की मंशानुरूप मर्दापाल में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोला गया है। अब इस क्षेत्र के बच्चों को भी अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई का मौका मिलेगा। यहां के छात्र-छात्राओं से रूबरू होने पर ये सभी ने डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक बनने के अपने लक्ष्य के बारे में बताया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो