
India Railway
रायपुर. जिन स्पेशल और पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की तिथि अप्रैल तक तय थी, उसे अब जून-जुलाई तक चलाने का आदेश जारी किया है। ऐसी छह जोड़ी स्पेशल और पूजा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन में विस्तार किया है, जो रायपुर जंक्शन से होकर चल रही थीं। यानि कि यात्रियों को इन ट्रेनों में स्पेशल चार्ज के रूप में डेढ़ गुना अधिक किराया देकर ही सफर करना होगा।
शर्त वही है कि बिना कन्फर्म टिकट यात्रियों को न तो स्टेशन में प्रवेश करने दिया जाएगा और न ही ट्रेनों में सफर। गर्मी के दिनों में शादी-विवाह और पीक यात्री सीजन के कारण एक-एक कन्फर्म टिकट के लिए मारामारी की स्थिति बनने से इनकार नहीं किया जा सकता है। वेटिंग सूची होली के समय की 100 से 150 तक पहुंच रही हैं सारनाथ, साउथ बिहार, अमरकंटक और मुंबई मेल व हावड़ा-अहमदाबाद स्पेशल जैसी ट्रेनों में। यानी कि एसी और स्लीपर कोच में नो कन्फर्म टिकट की स्थिति है।
इन ट्रेनें के परिचालन का विस्तार
लोकमान्य तिलक टर्मिनल और हावड़ा के बीच चल रही पूजा स्पेशल ट्रेन 02101-02102 का विस्तार 1 जुलाई तक किया गया है। पहले इस ट्रेन की तिथि 1 अप्रैल तय की गई थी। इसी तरह भुवनेश्वर-कुर्ला सप्ताह में दो दिन 1 अप्रैल तक थी, जिसे 29 जून तक, कुर्ला-भुवनेश्वर 3 अप्रैल तक थी, जिसे 27 जून तक, पूरी-सूरत साप्ताहिक स्पेशल अप-डाउन 6 अप्रैल तक थी, जिसे 29 जून तक, पुरी-कुर्ला अप-डाउन 8 अप्रैल तक थी, जिसे 1 जुलाई तक, विशाखापट्टनम-निजामुद्दीन समता एक्सप्रेस स्पेशल अप-डाउन 3 अप्रैल तक थी, जिसे 2 जुलाई तक किया। विशाखापट्टनम-कुर्ला साप्ताहिक स्पेशल अप-डाउन 6 अप्रैल तक थी, जिसे 30 जून तक किया और पुरी-योगनगरी ऋषिकेश स्पेशल ट्रेन अप-डाउन 4 मई की जगह अब 3 जुलाई तक स्पेशल के रूप में परिचालन किया जाएगा।
पोरबंदर-सांतरागाछी साप्ताहिक
रेलवे के अनुसार यात्रियों की मांग को देखते हुए 4 अप्रैल से गाड़ी संख्या 09093-09094 पोरबंदर-सांतरागाछी साप्ताहिक स्पेशल चलाई जाएगी, जो आगामी आदेश तक चलेगी। इसमें 23 कोच होंगे।
Updated on:
17 Mar 2021 06:57 pm
Published on:
17 Mar 2021 06:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
