scriptएक बार फिर आस्था का मेला: चार धाम यात्रा पर 2 वर्षों के मुकाबले इस बार 3 गुना ज्यादा श्रद्धालु | This time 3 times more devotees than 2 years on Char Dham Yatra | Patrika News
रायपुर

एक बार फिर आस्था का मेला: चार धाम यात्रा पर 2 वर्षों के मुकाबले इस बार 3 गुना ज्यादा श्रद्धालु

समिति का दावा, 10 साल में 30 हजार लोगों को तीर्थ घुमा चुकी

रायपुरJun 08, 2022 / 07:27 pm

Nikesh Kumar Dewangan

एक बार फिर आस्था का मेला: चार धाम यात्रा पर 2 वर्षों के मुकाबले इस बार 3 गुना ज्यादा श्रद्धालु

एक बार फिर आस्था का मेला: चार धाम यात्रा पर 2 वर्षों के मुकाबले इस बार 3 गुना ज्यादा श्रद्धालु

रायपुर. कोरोनाकाल के 2 साल भक्तों ने भगवान भरोसे बिताए। स्थितियां सामान्य होते ही तीर्थ स्थलों पर एक बार फिर आस्था का मेला उमडऩे लगा है। छत्तीसगढ़ से अब भी बड़ी संख्या में लोग इस यात्रा पर जा रहे हैं। 10 साल में 30 हजार लोगों को तीर्थ घुमा चुकी त्रिपुर यात्रा सेवा समिति के आंकड़े बताते हैं, पिछले 2 सालों के मुकाबले इस बार छत्तीसगढ़ से चार धाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों की संख्या तीन गुना बढ़ी है। 2019 तक समिति हर वर्ष छत्तीसगढ़ समेत आसपास के राज्यों से करीब 2 हजार लोगों को चार धाम की यात्रा पर भेजती थी। 2020 में कोरोना की दस्तक के साथ ये आंकड़े घटकर 700 से कम हो गए। 2021 में संख्या बढ़ी पर एक हजार तक ही पहुंची।
महामारी के चलते ज्यादातर यात्रा करने की ज्यादातर भक्तों की कामना मन में ही रह गई जो पाबंदियां हटने के बाद अब पूरी हो रहीं हैं। इस बार समिति 3 हजार से ज्यादा भक्तों को गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ के दर्शन करवा चुकी है। इसके लिए 3 मई से 3 जून के बीच 17 ट्रिप प्लान किए गए। समिति के अशोक कुमार यादव बताते हैं कि चार धाम की यात्रा बारिश से पहले तक सुविधाजनक होती है। अमूमन 20 जून तक इन स्थानों पर भक्तों की भीड़ रहती है। उम्मीद है कि अगले 10 दिनों में छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में लोग चार धाम की यात्रा पर जाएंगे।
तीर्थयात्री ध्यान दें… अमरनाथ के दर्शन 30 जून से, रजिस्ट्रेशन ऐसे करें

अमरनाथ यात्रा के लिए 2 साल का इंतजार अब खत्म होने वाला है। आम भक्तों के लिए बाबा अमरनाथ के पट 30 जून से खोल दिए जाएंगे। यात्रा के लिए पंजीयन की प्रक्रिया अप्रैल से शुरू हो गई है जो 15 जून तक चलेगी। यात्रा पर जाने वाले भक्तों को श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर पंजीयन करवाना होगा। श्राइन बोर्ड द्वारा चिन्हित जम्मू-कश्मीर बैंक, पंजाब नेशनल और यश बैंक की शाखाओं से भी श्रद्धालु अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। अमरनाथ यात्रा सेवा समिति के गंगा प्रसाद यादव ने बताया कि इस बार उनके साथ 100 श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जाएगा।
युवा भी पसंद कर रहे धार्मिक यात्राएं

शदाणी दरबार ने हाल ही में छत्तीसगढ़ समेत आसपास के राज्यों के श्रद्धालुओं को चार धाम की यात्रा पर भेजा है। 800 श्रद्धालुओं के इस जत्थे में 40 फीसदी से अधिक युवा हैं। सेवादारों का कहना है कि पहले इन यात्राओं में 90 प्रतिशत बुजुर्ग होते थे। अब युवा भी सनातन धर्म और संस्कृति की इन यात्राओं में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। संतोष चंदवानी ने बताया कि दरबार की ओर से हर वर्ष धार्मिक यात्राओं का आयोजन किया जाता है। 2020 में 80 और 2021 में 150 भक्तों ही शामिल हुए। इस बार तीर्थयात्रियों की संख्या चार गुना बढ़ी है।
गंगा दशहरा 10 को, पितरों के निमित्त भी तीर्थयात्री बढ़ रहे

साल की कई खास तिथियों पर पवित्र नदियों में स्नान और प्रमुख देव स्थलों के दर्शन की मान्यता है। ऐसी ही एक खास तिथि है गंगा दशहरा जो 10 जून को पड़ रही है। ज्योतिषाचार्य डॉ. इंदुभवानंद बताते हैं कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान कर योग्य व्यक्तियों को दान दिया जाए तो पितरों को मोक्ष मिलता है। गंगा दशहरा पर हर साल देश के कई धार्मिक केंद्रों में भक्तों की भीड़ उमड़ती है। यह सदियों पुरानी परंपरा है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो