scriptसिम को लेकर विवाद, गुस्से में सो रहे युवक को जिंदा जलाया, मौत | Young man Burn alive after dispute death | Patrika News
रायपुर

सिम को लेकर विवाद, गुस्से में सो रहे युवक को जिंदा जलाया, मौत

गंभीर रूप से झुलसे युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई।

रायपुरAug 29, 2017 / 08:16 pm

चंदू निर्मलकर

Burn alive man
रायपुर. कोतवाली इलाके में मामूली बात पर आधी रात को एक युवक को जिंदा जला दिया गया। गंभीर रूप से झुलसे युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक कोतवाली के आशीर्वाद भवन के पास रविवार-सोमवार की रात सुरेश बारले (35) पर विष्णु उडि़या ने ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया। इसके बाद आग लगा दी। आग लगने से युवक बुरी तरह झुलस गया और मदद के लिए चीखता-चिल्लाता रहा।
इस बीच आसपास के लोगों की नींद खुली। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी शहर से फरार है। कोतवाली पुलिस उसकी तलाश में लगी है।
दिन में हुआ था विवाद
आरोपी विष्णु ओडिशा के कांटाभांजी का रहने वाला है और रायपुर में चौकीदारी का काम करता है। मृतक सुरेश भी झारखंड का रहने वाला था और सब्जी का ठेला लगाता थ। दोनों के बीच रविवार को दिन में सिम को लेकर विवाद हुआ था। दोनों एक ही जगह रहते हैं। रात में शराब पीने के बाद फिर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। बाद में मामला शांत हुआ। दोनों अपने-अपने घर में चले गए।
इस बीच रात करीब 12 बजे विष्णु ज्वलनशील पदार्थ लेकर सुरेश के घर पहुंचा। सुरेश बाहर सो रहा था। विष्णु ने ज्वलनशील पदार्थ उसके ऊपर डाल दिया और आग लगाकर फरार हो गया।

आग लगते ही सुरेश मदद के लिए इधर-उधर भागने लगा। आसपास के लोगों को पता चला, तो उन्होंने उसे अस्पताल पहुंचाया। वहां देर रात उसकी मौत हो गई। कोतवाली टीआई वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की जानकार देर रात तक पुलिस को नहीं दी गई थी। बाद में पुलिस को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

Home / Raipur / सिम को लेकर विवाद, गुस्से में सो रहे युवक को जिंदा जलाया, मौत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो