युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को लेकर भिड़े भाजपाई, थाने पहुंचा मामला
कुरावर में नजर आई भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी, थाने तक पहुंच गया विवाद

कुरावर (राजगढ़).अनुशासित कही जाने वाली भारतीय जनता पार्टी (bhartiya janata party) की अंदरूनी गुटबाजी और आपसी विरोधाभास बुधवार को उस वक्त नजर आया जब युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष (state prsident) पहुंचे। उनके स्वागत को लेकर ही साफ तौर पर गुजबाजी दिखाई दी।
दरअसल, बुधवार दोपहर भाजपा युवा मोर्चा (bjp yuva morcha) के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार जिला कार्यालय में आगामी गतिविधियों को लेकर राजगढ़ जा रहे थे। तभी मंडल अध्यक्ष रामस्वरूप मीणा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष संतोष पटेल ने नेशनल हाइवे पर स्वागत का आयोजन रखा। इधर, दो घंटे से भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता, भाजपा कार्यकर्ता नव-नियुक्त युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवार का स्वागत करने के लिए खड़े थे लेकिन जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष पवार आयोजन स्थल पहुंचे तो पहले तो उन्हें मोर्चा जिला अध्यक्ष पवन शर्मा और उनके बड़े भाई विजय शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष को गाड़ी से नहीं उतारने की कोशिश की। फिर मंच पर जाने से भी रोक लिया। वहीं, विजय शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं और उपस्थित नेताओं के बारे में कहा कि इन्हीं लोगों ने भाजपा को खत्म कर दिया है और असभ्यता वाली अन्य बातें भी कहीं।
कार्यकर्ताओं और नेताओं में मामले को लेकर नाराजगी
इस पूरे मामले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओ में नाराजगी देखी गई। युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवार का स्वागत करने से रोकने वाले युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष, उनके बड़े भाई विजय शर्मा द्वारा कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए अभद्र भाषा का उपयोग किया गया। साथ ही स्वागत नहीं करने देने पर उन्हें बुरा लगा, सभी भाजपा नेता और कार्यकता नाराज है। मामले को लेकर विवाद की स्थिति भी बनीं जिसमें भाजपाई थाने तक भी पहुंच गए लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मामले को पार्टी संगठन में रखने की बात पर कार्यकर्ताओं को वहां से लौटा दिया।
जिला अध्यक्ष पर दर्ज है नरसिंहगढ़ में मामला
बता दें कि युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पवन शर्मा पर अपने ही पार्टी के विधायक राज्यवर्धन सिंह, पूर्व विधायक मोहन शर्मा और कांग्रेस के पूर्व विधायक गिरीश भंडारी के खिलाफ सोशल मीडिया पर वायरल चैटिंग के मामले में आईटी एक्ट के तहत नरसिंहगढ़ थाने में मामला दर्ज है। लेकिन आज दिनांक तक पुलिस न उन्हें गिरफ्तार कर पाई न ही कोई कार्रवाई की। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामला जांच में हैं, खुलेआम फरार आरोपी सत्ता का उपयोग कर इस प्रकार के आयोजन में शामिल हो रहा है, अगर ऐसा ही चलता रहा तो भारतीय दंड संहिता का इस प्रकार उल्लंघन होता रहेगा।
जिला अध्यक्ष के भाई ने की अभद्रता
सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करने एकत्रित हुए थे लेकिन कार्यकर्ताओं को स्वागत करने से रोका गया। युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पवन शर्मा और उनके भाई विजय शर्मा ने कार्यकर्ताओं के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग भी कयिा। हम इसकी शिकायत भाजपा प्रदेश संगठन एवं जिला संगठन में करेंग।
-रामस्वरूप मीणा, भाजपा मंडल अध्यक्ष, कुरावर
पार्टी संगठन के समक्ष रखेंगे बात
हम सब यहां युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करने के लिए एकत्रित हुए थे लेकिन युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पवन शर्मा के बड़े भाई विजय शर्मा ने हम सबके लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। हम अपनी नाराजगी व्यक्त करते हैं और इस बात को हम पार्टी संगठन के सामने रखेंगे।
-संतोष पटेल, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष, कुरावर
अब पाइए अपने शहर ( Rajgarh News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज