शुक्रवार को इलाज के बाद सामान्य हुए जवानों ने बताया कि बुधवार रात को बटालियन के मीनू अनुसार चिकन और मटर पनीर की सब्जी खाने में बनी थी। मंगलवार को जवान जंगल से सर्चिंग कर वापस लौटे थे। भोजन के दौरान बटालियन के सभी 80 जवानों ने खाना खाया था। गुरूवार सुबह नाश्ते में जवानों ने आलू पराठा खाया। इसके बाद कुछ जवानों को उल्टी-दस्त के साथ बुखार और कंपकपी लगने की शिकायत होने लगी। पहली खेप में 15 और दूसरी खेप में 6 जवानों को सिविल अस्पताल लाया गया। शुक्रवार को सुबह भी 5 अन्य जवान दिक्कत के बाद अस्पताल पहुंचे।
बीएमओ डॉ. विवेक बिसेन नें बताया कि जवानों को त्वरित इलाज दिया गया रात में सभी सामान्य स्थिति में आ गए। सुबह आए जवानों का भी इलाज जारी है ङ्क्षचता की कोई बात नहीं है। सभी की प्रारंभिक जांच के बाद लगातार निगरानी की जा रही है। फूड पॉइजनिंग की शिकायत वाले आईटीबीपी जवानो में एएसआई, एसआई प्रधान आरक्षक और आरक्षक वर्ग के जवान शामिल है। रात से जारी इलाज के बाद जवानों को राहत मिली है। जवानों ने बताया कि कैम्प में खाना और पानी से फूड पॉइजनिंग होने की आशंका नहीं है। मेंस में रोजाना समय पर खाना तैयार होता है। पानी के लिए आरओ फिल्टर की व्यवस्था है। सब्जी बनाने के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत होने की आशंका जवानों ने जताई है। कैम्प में बटालियन के 80 जवानों की तैनाती है। सभी ने एक साथ ही बुधवार रात का खाना खाया था, जिसमें सबसे पहले 15 फिर 6 और दूसरे दिन शुक्रवार सुबह 5 जवानों की तबियत बिगड़ी है। जवानों को उल्टी दस्त के साथ बुखार हरारत की शिकायतें थी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कांफ्रेंस से वापस आते ही सबसे पहले आज सिविल हॉस्पिटल खैरागढ़ पहुंचकर मलैदा कैम्प के आईटीबीपी व सीएएफ के फूड पॉइजनिंग से पीडि़त 26 जवानों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। कलेक्टर ने जवानों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की कुशलता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने वहां उपस्थित बीएमओ एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम को उनके समुचित इलाज की व्यवस्था तथा देखरेख के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जवानों के स्वास्थ्य की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे। कलेक्टर ने खाद्य सामग्री स्टोरेज के जांच के निर्देश दिए। गौरतलब है कि तत्काल ईलाज मिलने से जवानों को राहत मिली और सभी जवान खतरे से बाहर हैं। मलैदा कैम्प में स्वास्थ्य विभाग की टीम उपचार के लिए भेजी गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी एवं एसडीएम लवकेश धु्रव ने मलैदा कैम्प पहुंचकर जवानों के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली। बीएमओ डॉ. विवेक बिसेन ने बताया कि सभी जवानों के ब्लड टेस्ट की रिपोर्ट आ गई है। सभी का स्वास्थ्य ठीक है एवं खतरे से बाहर हैं। 3 जवानों के सैंपल परीक्षण के लिए रायपुर भेजे गए हैं। इस अवसर पर आईटीबीपी के असिस्टेंट कमांडेंट संजय सिंह चौहान, एपीडियोमोलॉजिस्ट प्रेरणा सहगल एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।