पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृत नाबालिगों की पहचान राहुल देशलहरे उम्र 16 वर्ष और मयंक देशलहरे उम्र 17 वर्ष के रूप में की गई है। दोनों रिश्तेदार हैं। हादसे के वक्त राहुल कार चला रहा था। दोनों सुबह 7 बजे घर से कार लेकर निकले थे। पुलिस ने बताया कि घटना स्थल पर कार के टायर के घिसटने के निशान हैं। जिससे साफ प्रतीत हो रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी।
नाबालिगों के कार के अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। मृतक ठेलकाडीह के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, कार सीधे पेड़ से नहीं टकराई है, बल्कि पहले ब्रेक लगाकर कार को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन रफ्तार की वजह से कार पहले तो सड़क पर घिसटती रही। उसके बाद उतनी ही तेजी से जाकर पेड़ से टकरा गई।