scriptराजस्थान भाजपा अध्यक्ष से मिलने की जिद कर रहे युवक ने राजसमंद जिलाध्यक्ष के पुत्र को घोंपा चाकू | rajsamand latest news, Rajsamand patrika news, rajsamand news | Patrika News
राजसमंद

राजस्थान भाजपा अध्यक्ष से मिलने की जिद कर रहे युवक ने राजसमंद जिलाध्यक्ष के पुत्र को घोंपा चाकू

प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया की सुरक्षा को लेकर भी सवालिया निशान, नाथद्वारा में जिला कार्यसमिति भाजपा की बैठक के दौरान वारदात, घायल युवक अस्पताल में भर्ती, मुख्य हमलावर गिरफ्तार, एसपी भी पहुंचे नाथद्वारा

राजसमंदJul 06, 2022 / 10:59 pm

jitendra paliwal

राजस्थान भाजपा अध्यक्ष से मिलने की जिद कर रहे युवक ने राजसमंद जिलाध्यक्ष के पुत्र को घोंपा चाकू

राजस्थान भाजपा अध्यक्ष से मिलने की जिद कर रहे युवक ने राजसमंद जिलाध्यक्ष के पुत्र को घोंपा चाकू

नाथद्वारा (राजसमंद) . शहर के पास एक होटल में बुधवार को भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष मान सिंह बारहठ के पुत्र को एक अन्य पदाधिकारी के भतीजे ने चाकू घोंप दिया। वारदात से कुछ देर पहले ही प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया वहां से जा चुके थे, लेकिन युवक उनसे मिलने का इरादा लेकर आया था। गम्भीर अवस्था में घायल कार्यकर्ता को बिलोता अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर है। मुख्य हमलावर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मिली जानकारी के मुताबिक भाजपा की बैठक सुबह 10 बजे शुरू हुई थी। इस दौरान वहां आए कार्तिक श्रीमाली पुत्र मनोहरलाल श्रीमाली निवासी बडग़ांव (उदयपुर) व एक अन्य युवक ने बैठक हॉल में घुसने और प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया से मिलने की जिद की। उसे बाहर ही भाजपा जिलाध्यक्ष मान सिंह के पुत्र अरविन्द सिंह बारहठ ने रोक लिया। टोकने पर दोनों में तू-तू, मैं-मैं हो गई। वहां मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने समझाइश कर मामला शांत कर दिया। अन्दर बैठक जारी थी। सत्र खत्म होने के बाद अपराह्न का भोजन चल रहा था। इस दौरान ही मीटिंग हॉल में घुसे कार्तिक की अरविन्द सिंह से फिर उसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। मामला गर्माने पर होटलकर्मियों ने कार्तिक को पकड़कर बाहर ले जाने की कोशिश की। इतने में छूटकर अरविन्द की तरफ भागकर कार्तिक ने उसे पेट में चाकू घोंप दिया। घायल भाजपा जिलाध्यक्ष पुत्र को तत्काल नजदीकी बिलोता अस्पताल ले जाया गया। वहां उसका उपचार चल रहा है। हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
– पूनिया जा चुके थे
वारदात से कुछ समय पहले ही प्रदेशाध्यक्ष पूनिया अपना भाषण समाप्त कर उदयपुर रवाना हो गए थे। युवक उनसे मिलने की जिद कर रहा था। उसी दौरान व्यवस्था में जुटे कार्यकर्ताओं से उसकी बहस हो गई थी। युवक चाकू क्यों लेकर आया, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
—–
हमने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वह आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके विरुद्ध पुलिस में और भी प्रकरण दर्ज है। एक और संदिग्ध की तलाश कर रहे हैं।
सुधीर चौधरी, पुलिस अधीक्षक, राजसमंद

Home / Rajsamand / राजस्थान भाजपा अध्यक्ष से मिलने की जिद कर रहे युवक ने राजसमंद जिलाध्यक्ष के पुत्र को घोंपा चाकू

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो