scriptकौन हैं महिमा कुमारी, जिन्हें भाजपा ने राजसमंद से उतारा है चुनावी मैदान में, क्या है मोदी के निर्वाचन क्षेत्र से ताल्लुक | Rajsamand patrika latest news, BJP candidate list, Mahima Kumari | Patrika News
राजसमंद

कौन हैं महिमा कुमारी, जिन्हें भाजपा ने राजसमंद से उतारा है चुनावी मैदान में, क्या है मोदी के निर्वाचन क्षेत्र से ताल्लुक

BJP candidate list मेवाड़ पूर्व राज परिवार की हैं बहू, पति विश्वराज सिंह नाथद्वारा से मौजूदा भाजपा विधायक, भाजपा ने 2019 में इसी सीट से जयपुर पूर्व राज परिवार की सदस्य (वर्तमान उपमुख्यमंत्री) दीया कुमारी को दिया था टिकट
 

राजसमंदMar 25, 2024 / 08:31 am

jitendra paliwal

mahima_kumari.jpg

जितेन्द्र पालीवाल@ भारतीय जनता पार्टी ने राजसमंद संसदीय सीट पर वर्ष 2019 में जयपुर के पूर्व राज परिवार की सदस्य दीया कुमारी को चुनावी मैदान में उतारने के बाद अब यहां मेवाड़ के पूर्व राज परिवार की बहू महिमा कुमारी पर दांव चला है। इनकी प्रारम्भिक शिक्षा वाराणसी से हुई है, जहां से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चुनाव जीतकर आए। उनके पति विश्वराज सिंह ‘मेवाड़’ नाथद्वारा के मौजूदा विधायक हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस महिला उम्मीदवार के सामने किसे टिकट देती है।


रविवार शाम आई भाजपा की दूसरी सूची ने राजसमंद सीट पर तमाम कयासों और सस्पेंस को खत्म करते हुए महिमा कुमारी का चेहरा स्पष्ट कर दिया। राजसमंद सीट पर 2019 में भाजपा की दीया कुमारी ने कांग्रेस के देवकीनंदन गुर्जर को रिकॉर्ड 5,51,916 मतों से हराया था। इस संसदीय क्षेत्र की आठों विधानसभा सीटों राजसमंद, कुम्भलगढ़, नाथद्वारा, भीम, ब्यावार, जैतारण, मेड़ता व डेगाणा पर वर्तमान में भाजपा के विधायक हैं।


एक नजर में जानिये महिमा कुमारी को

महिमा कुमारी मेवाड़ का जन्म 22 जुलाई, 1972 को जगदीश्वरीप्रसाद सिंह के घर में हुआ। उन्होंने स्कूली शिक्षा वाराणसी (उत्तरप्रदेश) से प्राप्त की। बाद में मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर स्थित सिंधिया कन्या विद्यालय से पढ़ाई की। कॉलेज शिक्षा लेडी श्रीराम कॉलेज दिल्ली से पूरी की। इन्होंने मनोविज्ञान में स्नातक डिग्री हासिल की। महिमा कुमारी मध्यप्रदेश के राजा भोज की वंशज हैं।


कौन हैं परिवार में

महिमा कुमारी के पति नाथद्वारा विधायक हैं। पुत्री जयती कुमारी (25) यूनाइटेड किंगडम से मास्टर्स की पढ़ाई कर रही हैं। पुत्र देवजादित्य सिंह (22) चाटर्ड फाइनेंशियन एनालिस्ट (सीएफए) हैं।


11 साल मुम्बई में रहीं शिक्षिका

महिमा कुमारी मुम्बई के कैथेड्रल और जॉन कैनन स्कूल में 11 साल तक नर्सरी और लोअर केजी कक्षाओं के बच्चों को पढ़ा चुकी हैं। वह सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रही हैं। रेजिना पैसिस नामक अनाथालय में कोविड के कारण पढ़ाई रुकने से प्रभावित बच्चियों को भी उन्होंने पढ़ाया। कोविड महामारी के बाद उन्होंने ज्यादातर समय उदयपुर के प्रताप गौरव केन्द्र में उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सम्भालते हुए बिताया।


परिवार का सियासत से पुराना रिश्ता

महिमा कुमारी के ससुर महेन्द्र सिंह मेवाड़ चित्तौडग़ढ़ के पूर्व सांसद हैं। भाजपा प्रत्याशी के मामा सुखेन्द्र सिंह मध्यप्रदेश के सतना से सांसद रहे हैं। उनके चचेरे भाई नागेन्द्र सिंह मध्यप्रदेश के नागोद से विधायक हैं। उनकी चाची माला राज्यलक्ष्मी टिहरी गढ़वाल (उत्तराखण्ड) से भाजपा सांसद हैें।

Home / Rajsamand / कौन हैं महिमा कुमारी, जिन्हें भाजपा ने राजसमंद से उतारा है चुनावी मैदान में, क्या है मोदी के निर्वाचन क्षेत्र से ताल्लुक

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो