Jharkhand : भाजपा ने अपराध-भ्रष्टाचार पर सोरेन सरकार को घेरा
रांचीPublished: Sep 22, 2023 06:46:24 pm
भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने शुक्रवार को खूंटी में संकल्प यात्रा को संबोधित करते हुए हेमंत सरकार को फिर एकबार कटघरे में खड़ा किया।


भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी
रांची. भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी (babulal marandi) ने शुक्रवार को खूंटी में संकल्प यात्रा को संबोधित करते हुए हेमंत सरकार को फिर एकबार कटघरे में खड़ा किया। मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार काम करने के लिए बनी ही नहीं। ये ठगबंधन सरकार केवल परिवार के साथ मिलकर राज्य को लूटने के लिए, भ्रष्टाचार के लिए बनी है जो लगातार दिखाई पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष पांच लाख नियुक्ति नहीं तो बेरोजगार भत्ता देने की बात करके सत्ता में आई हेमंत सरकार का नियुक्ति वर्ष नहीं आया। जबकि इस सरकार के चार वर्ष पूरे होने वाले हैं।
मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार की उपलब्धियां राज्य में अपराध, लूट और भ्रष्टाचार है। हेमंत सरकार में जनता भयभीत और अपराधी, लुटेरे, दलाल, बिचौलिए बेखौफ हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में हत्या, लूट, अपहरण, बलात्कार की घटनाएं रोज हो रही। बहन बेटियों को पेट्रोल छिड़क कर, टुकड़ों टुकड़ों में काटकर मारा जा रहा। राज्य से बालू की तस्करी बिहार, बंगाल, दिल्ली, मुंबई को हो रहा। और राज्य की पुलिस नदी से घरेलू काम के लिए बालू उठाने वाले को पकड़कर जेल भेज रही है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन ने पुलिस को अपराधियों पर कार्रवाई के लिए नहीं बल्कि वसूली के लिए लगा दिया है।