scriptशहर में शासकीय भूमियों को चिन्हित करने कलेक्टर उतरे मैदान में | Collector landed in the field to mark government lands in the city | Patrika News
रतलाम

शहर में शासकीय भूमियों को चिन्हित करने कलेक्टर उतरे मैदान में

– अवैध कब्जों को खाली कराकर शासन की योजनाओं के लिए काम में लिया जाएगा भूमियों को

रतलामOct 16, 2021 / 09:06 pm

Sourabh Pathak

शहर में शासकीय भूमियों को चिन्हित करने कलेक्टर उतरे मैदान में

शहर में शासकीय भूमियों को चिन्हित करने कलेक्टर उतरे मैदान में

रतलाम। शहर में स्थित शासकीय भूमियों को चिन्हित करने के लिए शनिवार को कलेक्टर ने स्वयं मोर्चा संभाला। कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम राजस्व विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को साथ लेकर मैदान में उतर गए। कलेक्टर की माने तो जितनी भी शासकीय भूमि रिक्त पड़ी है या उन पर किसी का कब्जा है तो उसे देखने के बाद उक्त भूमियों का उपयोग विभिन्न शासकीय योजनाओं, परियोजनाओं में किया जाएगा।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आमजन के हित एवं शासन हित में विधायक चेतन्य काश्यप की मंशा अनुसार शासकीय भूमि का उपयोग विभिन्न शासकीय योजनाओं, परियोजनाओं में किया जाएगा। विधायक काश्यप द्वारा शहर में उपलब्ध भूमियों के आमजन के हित में सदउपयोग के लिए निरंतर मानीटरिंग एवं कार्ययोजनाएं तैयार की जा रही है। कलेक्टर के भ्रमण में अपर कलेक्टर एमएल आर्य, निगमायुक्त सोमनाथ झारिया, सिटी एसडीएम अभिषेक गहलोत, नगर निगम कार्यपालन यंत्री सुरेश व्यास, तहसीलदार गोपाल सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
माणक चौक से की शुरुआत
माणक चौक पहुंचकर कलेक्टर यहां थाने के सामने स्थित शासकीय उमा विद्यालय परिसर में पहुंचे और उसका निरीक्षण किया। इसके साथ ही यहां पास में स्थित बाजार और सब्जी मंडी को देखा। यहां के बाद पूरी टीम सैलाना बस स्टैंड स्थित मिशन कंपाउंड पहुंची। टीम ने यहां रिक्त भूमि का जायजा लिया। यहा संचालित बाल ग्रह प्रबंधक से बच्चों के बारे में जानकारी ली। उसके बाद सभी लोग जहांगीर मिल क्षेत्र की खाली पड़ी भूमि पहुंचे और उसे देख कार्ययोजना के संबंध में चर्चा की। इस दौरान यहां कचरे का ढेर देखकर कलेक्टर ने निगम के अधिकारियों पर नाराज हुए। निगमायुक्त को निर्देशित किया कि सफाई कराकर कचरा हटाए।
शहर पुराना, नए निर्माण की जरुरत
कलेक्टर ने कहा कि रतलाम शहर पुराना है, यहां कई नव निर्माण की आवश्यकता है। शहर में जहां अतिक्रमण है, वहां शासकीय भूमि पर कब्जा छुड़ाया जाएगा। कानूनी पेचिदगिया भी सुलझाई जाएगी। शहर के विकास के लिए बेहतर प्लानिंग की जाएगी, जिन दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों को अपनी निर्धारित सीमा से आगे बढ़ा दिया गया है, ऐसे अतिक्रमण हटाए जाएंगे, यह काम दीपावली के बाद होगा।
मंदिर परिसर में रहने वालों करें सत्यापन
कलेक्टर ने टीम के साथ औद्योगिक क्षेत्र में स्थित मांगल्य मंदिर परिसर पहुंच कर वहां के वर्तमान हालातों का जायजा लिया। कलेक्टर ने यहां प्रबंधक से चर्चा की, मंदिर परिसर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर द्वारा राजबाग कॉलोनी क्षेत्र से मंदिर तक अप्रोच रोड निर्माण के लिए निर्देशित किया गया। एसडीएम को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर में मौजूद जितने भी व्यक्ति हैं, उनका सत्यापन किया जाए।
सज्जन मिल के जाने हाल
कलेक्टर ने यहां के बाद सज्जन मिल परिसर पहुंचकर खाली पड़ी भूमि देखी। यहां निरीक्षण के दौरान प्रबंधक सज्जन मिल से वर्तमान की स्थिति के बारे में जानकारी जुटाई। परिसर में रेत के ढेर पाए गए। इस पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रबंधक से पूछा गया कि किसकी अनुमति से रेत के स्टॉक की अनुमति दी गई है। इस पर प्रबंधक द्वारा संतुष्टि पूर्वक जवाब नहीं दिया गया, जिस पर एसडीएम को निर्देश दिए कि रेत के साथ वाहन भी जप्त कर लिए जाए और प्रकरण बनाया जाए। इसके बाद वाहनों को जप्त कर थाना औद्योगिक क्षेत्र पहुंचाया गया।

Home / Ratlam / शहर में शासकीय भूमियों को चिन्हित करने कलेक्टर उतरे मैदान में

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो