scriptमोदी सरकार के इस मंत्री ने पोते का विवाह सरकारी मंडप में कराया | Patrika Hindi News | Patrika News
रतलाम

मोदी सरकार के इस मंत्री ने पोते का विवाह सरकारी मंडप में कराया

केन्द्रीय मंत्री के पोते ने लिए सात फेरे, लोकसभा अध्यक्ष ने दिया आशीर्वाद

रतलामApr 30, 2018 / 02:28 pm

sachin trivedi

Patrika

Patrika

रतलाम. ताल नगर परिषद के तत्वावधान में रविवार की शाम को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन हुआ। इसमें 165 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिए तो 5 जोड़ों का इसी पांडाल में निकाह भी हुआ। केन्द्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत के पोते और भाजपा की जिला महामंत्री की बेटी भी अन्य जोड़ों के साथ विवाह बंधन में बंधें। लोकसभा की अध्यक्ष सुमित्रा महाजन खुद सम्मेलन के मंच पर नवयुगल को आशीर्वाद देने पहुंची।
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के सम्मेलन को लेकर सुबह से ही ताल में लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। दोपहर बाद वर-वधुओं के रिश्तेदार और परिजन अपने अपने वाहनों से बाजे-गाजे के साथ बारात के रूप में पहुंचे। शाम तक हजारों की संख्या में लोग मौजूद हो गए। शाम 5 बजे बाद सभी दुल्हों की ताल नगर में एक साथ वर निकासी निकाली गई। वैदिक मंत्रोचार के साथ पंडित दिलीप शर्मा के नेतृत्व में 22 पंडितो की टीम ने विवाह कराया। केन्द्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत के बेटे आलोट विधायक जितेन्द्र गेहलोत के पुत्र देवेन्द्र गेहलोत का रतलाम की दिव्या मालवीय से विवा हुआ। भाजपा महिला मोर्चा जिला महामंत्री चंदा शर्मा की बेटी ममता शर्मा का भी इसी मंडप में हुआ विवाह। सम्मेलन के इसी पांडाल मेेंं ही 5 जोड़ों का निकाह भी पढ़ाया गया।
ऐसे आयोजनों से समाज को बेहतर संदेश
केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद गेहलोत ने कहा कि ताल के नागरिकों ने सामूहिक विवाह आयोजन में कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग दिया है। इस प्रकार के आयोजन समाज को एक बेहतर संदेश देते हैं। गेहलोत ने वैवाहिक बंधन में बंधने वाले जोड़ों के सुखद् भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, जावरा विधायक राजेन्द्र पाण्डेय, नागदा विधायक दिलीपसिंह शेखावत ने भी संबोधित किया। समारोह में राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष तथा रतलाम विधायक चेतन्य काश्यप, राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष हिम्मत कोठारी, आलोट विधायक जितेन्द्र गेहलोत, सैलाना विधायक संगीता चारेल, महापौर डॉ. सुनीता यार्दे सहित भाजपा के कई नेता मौजूद थे।
लोकसभा अध्यक्ष ने की सुखद भविष्य की कामना
लोकसभा अध्यक्ष महाजन ने समारोह में कहा कि ताल में आयोजित सामूहिक विवाह एक आदर्श समारोह के रुप में प्रतिस्थापित होगा। इस तरह का भव्य आयोजन बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि यह एक गौरवशाली क्षण है जब वैवाहिक बंधन में बंध रहे जोड़ों को हजारों लोगों का आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है। लोकसभा अध्यक्ष ने केन्द्रीय मंत्री गेहलोत के पोते के विवाह का जिक्र करते हुए कहा कि गेहलोत परिवार ने अपने घर से आदर्श प्रस्तुत करते हुए समाज को सादगी का संदेश दिया है। उन्होंने वैवाहिक बंधन में बंधने वाले जोड़ों के सुखद जीवन की कामना की।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो