त्योंथर के पनासी गांव में रहने वाले रवि कुमार मांझी की शादी गढ़ थाना क्षेत्र के नऊआ गांव निवासी गायत्री केवट पिता कौशल प्रसाद के साथ तय हुई थी। सोमवार की रात वर पक्ष के लोग बारात लेकर पहुंचे। धूम-धाम से वैवाहिक रस्में पूरी कराई गईं। मंगलवार सुबह रस्मो-रिवाज से बारात की विदाई की गई। दूल्हा व दुल्हन कार में वापस जा रहे थे। जैसे ही 12 बजे कार गढ़ थाने के घूमा के पास पहुंची तभी १५ की संख्या में लोग डंडा व पत्थर लेकर वहां पहुंच गए।
आरोपियों ने दूल्हे की कार रोक लिया और उसमें पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कार के शीशे आरोपियों ने फोड़ दिए। दूल्हा सहित अन्य लोगों के साथ मारपीट की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि तब तक घटना को अंजाम देने वाले आरोपी फरार हो गए। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। आरोपियों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस घटना से दूल्हा व दुल्हन काफी देर तक दहशत में रहे।
रात में बारातियों का डीजे वालों के साथ विवाद हुआ था। डीजे में गाना बजाने को लेकर कहासुनी हुई थी। हालांकि, उस समय लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद को शांत करवा दिया। आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने दूल्हे के वाहन को रोककर उस पर हमला किया है। हालांकि पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।