scriptरीवा पहुंचे कपूर फैमिली के साथ कई फिल्मी सितारे, कृष्णा-राजकपूर आडिटोरियम के लोकार्पण समारोह में होंगे शामिल | Krishna Rajkapoor Auditorium Rewa, inauguration, Patrika news | Patrika News
रीवा

रीवा पहुंचे कपूर फैमिली के साथ कई फिल्मी सितारे, कृष्णा-राजकपूर आडिटोरियम के लोकार्पण समारोह में होंगे शामिल

राजकपूर और कृष्णा के विवाह की स्मृति में रीवा में बनाए गए ऑडिटोरियम का लोकार्पण होने जा रहा है

रीवाJun 02, 2018 / 04:02 pm

Mrigendra Singh

rewa

Krishna Rajkapoor Auditorium Rewa, inauguration, Patrika news

रीवा. फिल्मी दुनिया के सबसे बड़े घराने कपूर फैमिली के कई सदस्य फिल्मी सितारों के साथ रीवा पहुंचे। यहां फिल्म अभिनेता शो मैन राजकपूर और कृष्णा के विवाह की स्मृति में रीवा में बनाए गए ऑडिटोरियम का लोकार्पण होने जा रहा है। 2 जून की रात्रि होने वाले रंगारंग कार्यक्रम में ये सब शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में कपूर फैमिली और अन्य फिल्मी सितारों के साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान , मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, नरोत्तम मिश्रा, हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन कृष्णमुरारी मोघे भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम को लेकर बीते करीब महीने भर से तैयारियां चल रही थी, राजकपूर के बड़े पुत्र अभिनेता रणधीर कपूर ने वीडियो सोशल मीडिया पर जारी कर 2 जून को रीवा आने की बात कही थी। उनके कई फैन दूसरे शहरों से भी रीवा पहुंचे हैं। इसी तरह फिल्म अभिनेत्री कायनात अरोरा और अन्नू कपूर ने भी रीवा पहुंचने के लिए अपने फैंस से अपील की थी।
ये हस्तियां पहुंची रीवा
कपूर फैमिली से रणधीर कपूर, राजीव कपूर के साथ ही प्रेम चोपड़ा और उनकी पत्नी उमा चोपड़ा, अन्नू कपूर, कायनात अरोरा, फिल्म डायरेक्टर प्रेम किशन, गायक सुरेश वाडकर, सारिका सिंह, सैंड आर्टिस्ट नीतिश भारती, हास्य कलाकार रोहित प्यारे, आलिशा नरोन सहित अन्य कई शामिल हैं। प्रेम चोपड़ा की पत्नी उमा का जन्म रीवा में ही हुआ था।
स्मृतियां रहेंगी जीवंत
फिल्मी दुनिया के सबसे बड़े घराने कपूर खानदान के साथ रीवा शहर का दशकों पहले जुड़ा नाता एक बार फिर नए सिरे से ताजा होने जा रहा है। फिल्मी दुनिया के शो-मैन कहे जाने वाले अभिनेता राजकपूर का वैवाहिक कार्यक्रम १२ मई 1946 में रीवा में ही आयोजित किया गया था। उसी स्थान पर अब फिर से अत्याधुनिक ऑडिटोरियम बनाया जा रहा है। जिसका लोकार्पण समारोह भव्य बनाया जा रहा है। इसी में शामिल होने के लिए कपूरी फैमिली के लोग पहुंचे हैं।
कृष्णा के साथ हुआ था विवाह
रीवा राज्य के आईजी रहे करतारनाथ मल्होत्रा की पुत्री कृष्णा के साथ रीवा शहर के सिरमौर चौराहे के नजदीक सरकारी बंगले पर राजकपूर का विवाह 12 मई 1946 में हुआ था। इसके पहले 1940 में भी कपूर खानदान के कई प्रमुख रीवा आए थे। उक्त बंगले की जगह पर भव्य ऑडिटोरियम बनाया जा रहा है। हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों द्वारा नियमित मानीटरिंग की जा रही है ताकि समय पर इसका निर्माण पूरा किया जा सके।
प्रदेश का सबसे आधुनिक ऑडिटोरियम होगा
शो मैन राजकपूर के वैवाहिक आयोजन की स्मृति में बनाए जा रहे इस ऑडिटोरियम में आधुनिक संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। विंध्य ही नहीं प्रदेश के प्रमुख ऑडिटोरियम में अब इसकी पहचान होगी। एक हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता इसमें हैं, जिसमें बालकनी भी बनाई गई है। प्रदेश के दूसरे शहरों में इसके मुकाबले में अत्याधुनिक ऑडिटोरियम नहीं हैं। सबसे अधिक क्षमता वालों में भी इसका नाम लिया जाएगा।
ओपन थिएटर और कैफेटेरिया भी
ऑडिटोरियम के साथ ही परिसर में एक ओपन थिएटर बनाया जा रहा है। जहां पर करीब तीन सौ लोग मंच का कार्यक्रम देख सकेंगे। इसी के साथ ही कैफेटेरिया भी बनाया जा रहा है, जिसमें दो रूम बनाए गए हैं। रीवा का प्रमुख कलाकेन्द्र स्थल यह होगा।
अत्याधुनिक आडिटोरियम होगा
आडिटोरियम का निर्माण करा रहे हाउसिंग बोर्ड कार्पोरेशन के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अनुज प्रताप सिंह ने बताया कि फिल्म अभिनेता राजकपूर की स्मृति में बनाए गए आडिटोरियम में एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है। साथ ही पांच सौ क्षमता का एक ओपन थियेटर भी बनाया गया है।
अन्नू कपूर करेंगे टॉक शो
फिल्मी दुनिया के शो मैन के नाम से मशहूर अभिनेता राजकपूर और उनकी पत्नी कृष्णा की रीवा में हुई शादी की स्मृतियों को ताजा करने के लिए एक एपीसोड की शूटिंग होगी। २ जून को कृष्णा-राजकपूर आडिटोरियम का लोकार्पण किया जा रहा है। इस अवसर पर फिल्म अभिनेता अन्नू कपूर भी शिरकत करेंगे। ‘कही अनकही कहानीÓ के एपीसोड की शूटिंग भी होगी।
यहां बड़े समारोह में अन्नू कपूर एक टॉक-शो आयोजित करेंगे। जहां पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, सांसद जनार्दन मिश्रा सहित कई अन्य नेता मौजूद रहेंगे। इस दौरान कपूर फैमिली के रणधीर कपूर, राजीव कपूर सहित अन्य कई सदस्य भी रहेंगे। ऑडिटोरियम के लोकार्पण के बाद सायं छह बजे से एनसीसी ग्राउंड टॉक शो का कार्यक्रम प्रारंभ होगा।
इस टॉक शो का कई टीवी चैनलों में सीधा प्रसारण भी होगा। कृष्णा-राजकपूर और रीवा को लेकर होने जा रहे इस टॉक शो में कई नई जानकारियां सामने आ सकती हैं। इस कारण लोकार्पण समारोह में यह कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण होगा। अन्नू कपूर इन दिनों बिग एफएम 92.7 पर शो सुहाना सफर विद अन्नू कपूर होस्ट करते हैं। इसमें भी फिल्मी हस्तियों से जुड़ी जानकारियों दी जाती हैं।
राजकपूर के डायलाग पर लोगों को हंसाएंगे
राजकपूर की फिल्मों के डायलाग और उनके कुछ अभिनय को जीवंत बनाने के लिए हास्य अभिनेता रोहित प्यारे प्रस्तुतियां देंगे। उनके साथ आलिशा नरोन भी रीवा पहुंची हैं। इनके लिए अलग से एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
rewa
MrigendraSingh IMAGE CREDIT: Patrika
सारिका सिंह विशेष प्रस्तुतियां लेकर आई
रीवा पहुंची गायिका सारिका सिंह का कहना है कि यहां आने के लिए वह लंबे समय से सोच रही थी। कई बार अवसर मिला लेकिन कुछ कारणों के चलते नहीं पहुंच पाई। उनका कहना है कि राजकपूर और कृष्णा के वैवाहिक जीवन पर आयोजित एक कार्यक्रम में पहले भी वह प्रस्तुति मुंबई में दे चुकी हैं यह दूसरा अवसर होगा।
rewa
MrigendraSingh IMAGE CREDIT: patrika

Home / Rewa / रीवा पहुंचे कपूर फैमिली के साथ कई फिल्मी सितारे, कृष्णा-राजकपूर आडिटोरियम के लोकार्पण समारोह में होंगे शामिल

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो