scriptछठवें चरण की प्रचार समाप्ति के पहले जुबानी जंग तेज, प्रियंका ने कह दी पीएम मोदी को लेकर यह बात | Congress general secretary Priyanka Gandhi attacks again on PM Modi | Patrika News
संत कबीर नगर

छठवें चरण की प्रचार समाप्ति के पहले जुबानी जंग तेज, प्रियंका ने कह दी पीएम मोदी को लेकर यह बात

छठवें चरण का प्रचार थमने के पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने की ताबड़तोड़ जनसभाएं

संत कबीर नगरMay 10, 2019 / 11:51 pm

धीरेन्द्र विक्रमादित्य

Priyanka gandhi

छठवें चरण की प्रचार समाप्ति के पहले प्रियंका ने कह दी पीएम मोदी को लेकर यह बात

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जो आपके दर्द को नहीं समझते, दर्द को कम करने की बजाय उसे बढ़ाने का काम कर रहे हैं उनको सबक सिखाने की जरूरत है। देश में अहंकारी सरकार द्वारा क्रोध, नफरत व नकारात्मकता फैलाई जा रही है। फिजूल की बातों व जुमले से झूठे प्रचार, गलत बात कर राजनीति करने वालों की आदत मत बनाइए।
प्रियंका गांधी शुक्रवार को छठवें चरण के प्रचार के अंतिम दिन डुमरियागंज, संतकबीरनगर व बस्ती लोकसभा सीटों पर प्रचार करने पहुंची थी।

Priyanka
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने मोदी सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए उसकी कमियां गिनाई। बिल्कुल सधे अंदाज में कांग्रेस महासचिव ने जनहित के मुद्दों पर बात करते हुए केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पांच साल तक मोदी सरकार को किसानों की चिंता नहीं हुई। चार साल में बारह हजार किसानों ने आत्महत्या की। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान के किसान पैदल चलकर पीएम से मिलने पहुंचे लेकिन पीएम मोदी अपने घर से बाहर निकल कर किसानों की समस्या नहीं सुनी। अब जब चुनाव आया तो किसान सम्मान योजना लागू किया। उन्होंने कहा कि एक किसान परिवार में छह हजार देने की बात कही जा रही है। किसान कर्ज के बोझ तले दब रहा लेकिन छह हजार रुपये देकर उसको खरीदने की कोशिश हो रही। उन्होंने बताया कि अगर एक किसान परिवार में पांच से छह लोग हो तो प्रतिदिन के हिसाब से दो रुपये भी नहीं इस योजना के तहत मिल रहा। दो रुपये में किसान कैसे खर्च चलाएगा। यह किसान सम्मान योजना है या किसान अपमान योजना।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि गांवों से पलायन रोकने और रोजगार देने में मनरेगा सक्षम योजना थी लेकिन भाजपा ने मनरेगा को कमजोर कर दिया। कांग्रेस सत्ता में आई तो मनरेगा के तहत सौ दिन की बजाय डेढ़ सौ दिन का रोजगार देंगे। 12वीं तक की पढ़ाई मुफ्त होगी। अस्पतालों में इलाज का पैसा नहीं लगेगा। पांच करोड रोजगार का सृजन किया जाएगा। 10 लाख ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार दिया जाएगा। खाली चल रही 24 लाख सरकारी नौकरियों के पदों को भरा जाएगा। महिलाओं को राजनीति में 33 फीसदी का आरक्षण कांग्रेस द्वारा किया जाएगा।

प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो न्याय योजना के तहत सालाना 72 हजार रुपये किसानों को दिया जाएगा। यह योजना गरीबी के दलदल से लोगों को निकालेगी। उनके रोजगार का रास्ता प्रशस्त होगा।

प्रियंका गांधी ने बस्ती से प्रत्याशी पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह, संतकबीरनगर से पूर्व सांसद भालचंद यादव व डुमरियागंज से प्रत्याशी डाॅ.चंद्रेश उपाध्याय को जीताने की अपील की।
जनसभा को कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू ने भी संबोधित किया।

Home / Sant Kabir Nagar / छठवें चरण की प्रचार समाप्ति के पहले जुबानी जंग तेज, प्रियंका ने कह दी पीएम मोदी को लेकर यह बात

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो