scriptचित्रकूट के लक्ष्मण पहाड़ी में जल्द शुरू होगा रोप-वे, 75 रुपए होगा किराया, टेस्टिंग भी हुई पूरी | chitrakoot Kamadgiri Lakshman Pahadi news in hindi | Patrika News
सतना

चित्रकूट के लक्ष्मण पहाड़ी में जल्द शुरू होगा रोप-वे, 75 रुपए होगा किराया, टेस्टिंग भी हुई पूरी

टेस्टिंग पूरी: लक्ष्मण पहाड़ी पर रोप-वे का 75 रुपए होगा किराया, उत्तरप्रदेश शासन से संचालन की मांगी गई अनुमति

सतनाNov 11, 2018 / 02:01 pm

suresh mishra

chitrakoot Kamadgiri Lakshman Pahadi news in hindi

chitrakoot Kamadgiri Lakshman Pahadi news in hindi

सतना। मैहर के बाद अब चित्रकूट में भी जल्द रोप-वे शुरू होने जा रहा है। लक्ष्मण पहाड़ी के लिए रोप-वे बनकर तैयार हो गया है। टेस्टिंग भी हो चुकी है। अब रिपोर्ट उप्र शासन को भेजकर उद्घाटन की अनुमति मांगी है। जैसे ही हरी झंडी मिलती है, लोग रोप-वे से लक्ष्मण पहाड़ी पर जाने लगेंगे।
बता दें कि चित्रकूट में दो स्थानों पर रोप-वे निर्माण का काम चल रहा है। एक लक्ष्मण पहाड़ी के ऊपर बन रहा है, जिसे उप्र सरकार द्वारा बनवाया जा रहा है। दूसरा हनुमान धारा में। ये मप्र सरकार की ओर से बनाया जा रहा है।
18 लोग करेंगे सफर
लक्ष्मण पहाड़ी के लिए बने रोप-वे से एकसाथ 18 लोग सफर करेंगे। यात्रियों को लक्ष्मण पहाड़ी पर ले जाने के लिए छह ट्रॉली लगाई हैं। तीन ट्रॉली ऊपर जाएंगी और तीन नीचे आएंगी। एक ट्रॉली में छह लोग यानी एक बार में 18 लोग सफर करेंगे। इसका निर्माण 15 करोड़ की लागत से पीपीपी माडल से उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से कराया गया है।
सिर्फ दो मिनट में पहुंचेंगे ऊपर
लक्ष्मण पहाड़ी के ऊपर पहुंचने के लिए 264 मीटर ऊंचा रोप-वे तैयार किया है। पहले लोगों को पहाड़ी पर पहुंचने के लिए करीब 400 सीढ़ी चढऩा पड़ता था, जिसमें 15 से 20 मिनट लगते थे। अब रोप-वे से सिर्फ 2 मिनट में पहाड़ी की चोटी पर पहुंच जाएंगे।
बच्चों के 40 रुपए
चित्रकूट रोप-वे कंपनी के निदेशक आलोक शर्मा बताते हैं कि रोप-वे में आने-जाने का किराया शासन की ओर से 75 रुपए निर्धारित किया गया है। साथ ही पांच साल से छोटे बच्चे का 40 रुपए किराया लिया जाएगा। यदि कोई एक तरफ से सफर करना चाहेगा तो उससे भी 40 रुपए ही लिए जाएंगे।
नारी सशक्तीकरण को बढ़ावा
चित्रकूट का रोप-वे नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देता नजर आएगा। शर्मा के मुताबिक रोप-वे में यात्रियों को बैठाने, उतारने सहित टिकट की काटने की व्यवस्था महिलाएं करेंगी। इस काम में महिला गीता के नेतृत्व में करीब आधा दर्जन महिलाओं को लगाया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो