scriptडबल मर्डर: षडयंत्र में शामिल मुख्य आरोपी का नाबालिग बेटा भी गिरफ्तार | Double Murder: Minor son also arrested for main accused | Patrika News
सतना

डबल मर्डर: षडयंत्र में शामिल मुख्य आरोपी का नाबालिग बेटा भी गिरफ्तार

दोहरे हत्याकांड में अब तक चार गिरफ्तार, मुख्य आरोपी का बेटा भी पकड़ा गया, मृतका के परिजनों ने कलेक्टर को दिया ज्ञापन

सतनाJan 24, 2021 / 10:45 am

Dhirendra Gupta

Double Murder: Minor son also arrested for main accused

Double Murder: Minor son also arrested for main accused

सतना. नयागांव थाना क्षेत्र के चित्रकूट में बीते दिनों हुए डबल मर्डर के मुख्य आरोपी पुष्पराज सिंह से पुलिस रिमांड में पूछताछ जारी है। पुलिस जल्द ही कड़ी से कड़ी मिलाकर अंतिम नतीजे तक पहुंच जाएगी। अब तक पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार को गिरफ्तार कर लिया है, इनमें मुख्य आरोपी का एक नाबालिग बेटा भी शामिल है।
गौरतलब है कि 17 जनवरी को सतना चित्रकूट मार्ग पर नयागांव थाना अंतर्गत प्रिया सिंह और अनुज दीक्षित की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के विराट नगर निवासी प्रिया सिंह के परिजनों ने पुष्पराज सिंह पर आरोप लगाया था। शैक्षणिक संस्थाओं का संचालन करने वाला पुष्पराज सिंह पुलिस हिरासत में है। वारदात की वजह समेत अन्य बिंदुओं पर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
इनको पकड़ चुकी पुलिस
आरोपी से पूछताछ में जो तथ्य सामने आ रहे हैं उनके आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मैहर से उसके एक कर्मचारी विवेक को गिरफ्तार किया था। नीलकंठ महाविद्यालय में चौकीदार विवेक के कब्जे से ३२ बोर की एक पिस्टल, 6 कारतूस व दो लाख रुपए नकद जब्त किए गए हैं। वारदात के मुख्य आरोपी के साथ विवेक साक्ष्य छिपाने में सहभागी रहा है। पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना के संबंध में मुख्य आरोपी पुष्पराज सिंह के नाबालिग बेटे सहित एक अन्य आरोपी सनी उर्फ विकास कुमार सिंह पुत्र सुधीर कुमार सिंह निवासी सकलेनाबाद जिला गाजीपुर उप्र को गिरफ्तार किया गया है, इनसे जरूरी जानकारी ली जा रही है।
बेटा कर रहा था रैकी
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मुख्य आरोपी का नाबालिग बेटा प्रिया और अनुज के आने जाने की रैकी कर रहा था। उसने ही पिता को इनके चित्रकूट की ओर जाने के बारे में बताया था। पकड़ा गया आरोपी विकास उर्फ सनी मुख्य आरोपी पुष्पराज के साढ़ू का बेटा है। जिसके कब्जे से बंदूक की एक मैग्जीन बरामद की गई है। जबकि बंदूक का बोल्ट विवेक के पास मिलने की बात सामने आ रही है। सनी और मुख्य आरोपी के बेटे को पुलिस रविवार को अदालत में पेश करेगी। जबकि आरोपी पुष्पराज और विवेक 25 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर हैं।
कलेक्टर से परिजनों की मांग
मृतका प्रिया सिंह के परिजनों ने शनिवार को कलेक्टर के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा है। जिसमें बताया गया कि दोहरी हत्या का मुख्य आरोपी विराट नगर में द ग्लोबल कान्वेंट पब्लिक स्कूल संचालित करता है। इस विद्यालय भवन और आरोपी के आवासीय भवन का कुछ हिस्सा शासकीय आराजी में कब्जा कर बनाया गया है। इस संबंध में नगर पालिक निगम ने नोटिस चस्पा कर २२ जनवरी को कार्रवाही के लिए लिखा था। लेकिन अवैध निर्माण के संबंध में कोई कार्रवाही नहीं हो सकी। प्रशासन को कहा गया है कि अगर समय रहते कार्रवाही नहीं हुई तो सतना प्रवास पर आ रहे मुख्यमंत्री के सामने विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो