
satna: Said Shivraj- Kamal Nath's work was done only for eating money
सतना। नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा से महापौर प्रत्याशी योगेश ताम्रकार के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस प्रत्याशी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी की सोच स्मार्ट सिटी की राशि हजम करने की है। हमने जांच परख कर समाजसेवी योगेश को टिकट दी है। वो गरीबों के लिये काम करेंगे। गरीबों के कल्याण का काम नगर निगम के माध्यम से ही होगा। इसलिये अच्छा महापौर बनाओ। अगर मेयर का पद कांग्रेस के हाथों गया तो सत्यानाश हो जाएगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि हमने तो कार्यकर्ता को टिकट दिया है। कांग्रेस के पास कोई कार्यकर्ता ही नहीं मिला तो विधायक को ही उतार दिया। कहा, भाजपा ने एक पद एक व्यक्ति का फार्मूला अपनाया और पूरे प्रदेश में कहीं भी विधायक को टिकट नहीं दी। कांग्रेस को कोई मिल ही नहीं रहा है। चुटकी लेते हुए कहा कि कमलनाथ का हाथ विधायक के साथ, बाकी कांग्रेसी हुए अनाथ और महाराष्ट्र निकल गए कमलनाथ। कांग्रेस की स्थिति ऐसी है कि हम तो डूबेंगे तुम्हे भी ले डूबेंगे। उद्धव भी कांग्रेस में आ के फंस गए। उन्होंने तो बंगला भी खाली कर दिया। उद्धव के साथ वही हुआ, न खुदा ही मिला न बिसाले सनम, न यहां के रहे न वहां के। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति उम्मीदवारी की भी चर्चा की और कहा कि भाजपा आदिवासी को राष्ट्रपति बना रही है।
कमलनाथ के समय सिर्फ पैसा खाने का काम हुएमुख्यमंत्री ने कहा कि हमने स्मार्ट सिटी के लिए 1 हजार करोड़ भेजे उस पर उनकी नजर लग गई है। इसलिए सतना विधायक कहते हैं कि विधायकी में कुछ नही महापौरी में है। उसकी नजर हजार करोड़ पर लगी है। कमलनाथ 15 महीने रहे और प्रदेश को बर्बाद कर दिया, सिर्फ पैसे खाने का काम हुआ।
हमने किये विकास के काम
शिवराज ने कहा कि पहले सतना एक बड़ा गांव लगता था लेकिन आज यहां तमाम विकास कार्य हुए। गरीब कल्याण की योजनाओं का क्रियान्वयन हुआ। कांग्रेस ने क्या दिया ? इस पर विचार करिये। कमलनाथ ने तो गरीबो के भी नाम सम्बल से काट दिए। हम सतना में 1 लाख 19 हजार लोगों को फ्री राशन दे रहे हैं। पांच हजार लोगों को घर बनाने के लिए पैसे दिए हैं। 2 साल में कोई आवासहीन नही रहेगा। जिसके पास पट्टे नहीं हैं उसे हम पट्टे भी देंगे। कमलनाथ,सोनिया जी और राहुल बाबा को जवाब देना चाहिए कि उन्होंने फ्री राशन, मकान, गैस कनेक्शन और सम्बल जैसी योजना क्यों नही दी ?
बेटियों को नाथ ने धोखा दिया
कमलनाथ पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कमलनाथ ने बहनों के लड्डू, कन्यादान भी बंद कर दिया। कन्यादान में 51 हजार देने कहा था लेकिन दिया नही। बेटियों को नाथ ने धोखा दिया, उनकी सरकार झूठ बोलने वालों की सरकार थी। हमने इलाज के लिए योजना चलाई, कांग्रेस ने क्या किया? लाड़ली लक्क्ष्मी योजना का लाभ दे रहे हैं। आज अकेले सतना में 16700 लाडली लक्ष्मियां हैं। इसका नतीजा यह है कि अब एक हजार पर 970 बेटियों का जन्म रेशियो है। चुनाव में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण, पुलिस में 30 प्रतिशत, शिक्षक भर्ती में 50 फीसदी भाजपा की सरकार ने दिया ताकि उनका भी जीवन खुशहाल हो लेकिन कांग्रेस ने क्या किया? मेडिकल की पढ़ाई में भी हम हिंदी के पाठ्यक्रम की क्रांति लाए। हमारी सरकार डबल इंजन की सरकार है।
विधायक से कहो कि विधायकी का काम करे
शिवराज ने कमलनाथ को औरंगजेब बताते हुए कि 15 माह की सरकार में हमेशा यही कहते रहे कि पैसा नही है। जबकि हमने आते ही विकास के काम शुरू किए। हम सतना का चतुर्दिक विकास करना चाहते हैं। हमने सीवर लाइन, पेयजल , झील निर्माण, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, स्टेडियम के निर्माण के लिए पैसा दिया। आने वाले 5 साल में हम सतना को क्लीन सिटी, ग्रीन सिटी, हाईटेक सिटी बनाना चाहते हैं। लेकिन उनकी नजर स्मार्ट सिटी के एक हजार करोड़ पर है। अगर यहां कांग्रेस आई तो विकास के लिए पैसे कहाँ से लाएंगे। प्रदेश केंद्र में भाजपा की सरकार है, कमलनाथ कहां से पैसा लाएंगे,जो आएगा वही खा जाएंगे। इसलिये विधायक से कहो कि आप विधायकी का काम करो। वो चुनाव के समय प्रलोभन देंगे, डमरू बजायेंगे लेकिन आप झांसे में मत आइयेगा।
सतना में मेयर कांग्रेस का आया तो सतना बर्बाद हो जाएगा
शिवराज ने कहा कि सीएम, मंत्री काम करने नही आएंगे। मेयह ही नगर में काम करेगा। सतना में मेयर कांग्रेस का न आ जाए वरना सतना बर्बाद हो जाएगा। हमारे प्रत्याशी योगेश ताम्रकार नेता कम समाजसेवी ज्यादा है। ये पूरी प्रमाणिकता से आपकी सेवा करेंगे। ये लालच से राजनीति में नही आये हैं,ये मानव जीवन को सार्थक करने राजनीति में आये हैं। गरीबो की सेवा हम करेंगे उसके लिए धन की कमी नही आने देंगे। योगेश और सभी 45 वार्डो के पार्षदों की गारंटी मैं लेता हूं, आप भाजपा प्रत्याशियों को जिताइये और विकास का जिम्मा मुझ पर छोड़ दीजिए।
दिया नारा
शिवराज ने नारा देते हुए कहा कि विकास करेंगे शानदार, योगेश ताम्रकार साथ ही जोड़ा होंगे कामदार योगेश ताम्रकार। इस दौरान महापौर प्रत्याशी योगेश ने सभा में कहा कि जैसा स्नेह अभी मिल रहा है वही प्रेम आशीर्वाद 6 को वोटिंग में दिखना चाहिए। बरसात का महीना है। बारिश के बाद भी किसी भी प्रकार की कमी छोड़े। 45 पार्षदों को जिता कर मुझे महापौर बनाए। कांग्रेस खेमों में बंट चुकी है।
सुजीत की बेटी के इलाज के दिये निर्देश
सतना। जब सीएम मंच पर बैठे तो एक युवक एक बच्ची को गोद में उठाए लगातार मंच पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सुरक्षा में तैनात जवान उन्हें मंच पर नहीं जाने दे रहे थे। जब युवक मंच पर जाने में सफल नहीं हुआ तो उसने वहीं से मुख्यमंत्री को पुकारने लगा। एक ओर से आती आवाज को देख मुख्यमंत्री ठिठके और उस ओर देखा। फिर उस व्यक्ति को अपने पास आने देने के लिये सुरक्षा बल को निर्देशित किया। इसके बाद युवक बच्ची को लेकर सीएम के पास पहुंचा। उसने अपना नाम सुजीत पंकज बताते हुए कहा कि उसकी बेटी को लीवर की बीमारी है। इलाज के लिये पैसे नहीं है। इस पर सीएम ने अफसरों को निर्देशित किया कि इस बच्ची के इलाज की समुचित व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही उन्होंने ट्वीट भी किया कि सुजीत जी, आप चिंता मत करिये, बेटी शीघ्र ही पूर्णत: स्वस्थ हो जाएगी। हम इलाज में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। बेटी को ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद।
ये रहे मौजूद
मंत्री रामखेलावन पटेल, सांसद गणेश सिंह, जिलाध्यक्ष नरेन्द्र त्रिपाठी, विधायक विक्रम सिंह, पूर्व विधायक शंकरलाल तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह गहरवार, सुभाष शर्मा, श्रीकांत चतुर्वेदी, अरुण द्विवेदी, सुधा सिंह, गगनेन्द्र प्रताप सिंह, मनसुख सिंह पटेल, पूर्व महापौर ममता पाण्डेय, विमला पाण्डेय, कमलाकर चतुर्वेदी सहित अन्य मौजूद रहे।
Updated on:
24 Jun 2022, 1:52 PM IST
Published on:
24 Jun 2022, 1:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.