scriptMP ELECTION 2018 : यह चुनावी सभा कम, महिला मिलन समारोह ज्यादा लग रहा है : केन्द्रीय मंंत्री | madhyapradesh-election : latets political news in mp | Patrika News
सीहोर

MP ELECTION 2018 : यह चुनावी सभा कम, महिला मिलन समारोह ज्यादा लग रहा है : केन्द्रीय मंंत्री

भाजपा प्रत्याशी सुदेश राय के समर्थन में केन्द्रीय मंत्री ने गंज राठौर चौराहे पर की आमसभा

सीहोरNov 16, 2018 / 03:10 pm

Kuldeep Saraswat

news

MP ELECTION 2018 : यह चुनावी सभा कम, महिला मिलन समारोह ज्यादा लग रहा है : केन्द्रीय मंंत्री

सीहोर. सीहोर विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार सुदेश राय के समर्थन में गुरुवार को केन्द्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने चुनावी सभा को संबोधित किया। आमसभा में भीड़ कम और मंच पर महिलाओं की संख्या ज्यादा देख इरानी ने तंज किया कि यह चुनावी सभा कम महिला मिलन समारोह ज्यादा लग रहा है।

 

केन्द्रीय मंत्री स्मृति इरानी महज 10 मिनट ही जनसभा के मंच पर रुकी। पांच से सात मिनट में स्वागत की औपचारिकता पूरी हुई और दो से तीन मिनट भाषण देकर चली गईं। सभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश का चौतरफा विकास हो रहा है।

 

 

उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने साल 2007 से अभी तक करीब 27 लाख 70 हजार बेटियों को लाड़ली लक्ष्मी बनाया है। छात्राएं अच्छे से पढ़ाई कर सकें, इसके लिए सरकार बालिकाओं को साइकिल मुहैया करा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के हर वर्ग के लिए योजनाएं बनाई हैं, प्रदेश का चौतरफा विकास हो रहा है।

शहर के गंज स्थित राठौर चौराहा पर आयोजित सभा को भाजपा के जिलाध्यक्ष सीताराम यादव, नगर पालिका अध्यक्ष अमिता अरोरा, भाजपा के मंडल अध्यक्ष प्रिंस राठौर आदि ने भी संबोधित किया। सभा में भाजपा उम्मीदवार सुदेश राय की पत्नी अरुणा राय, बड़े भाई आबकारी ठेकेदार अखिलेश राय, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिता भंडेरिया, नगर पालिका उपाध्यक्ष राखी ताम्रकार प्रमुख रूप से मौजूद थे।

मध्यप्रदेश में पूरा नहीं होगा राहुल का सपना: इरानी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ द्वारा महिला के टिकट काटे जाने को लेकर दिए गए बयान की निंदा करते हुए केन्द्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने कहा कि कांग्रेस नेता का बयान महिला के प्रति जो उनका दृष्टिकोण है, उसे दर्शाता है। महिला सशक्तिकरण तो दूर मध्यप्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व द्वारा बार-बार महिलाओं के बारे में इस तरह की टिप्पणी अपने आप में उनके महिलाओं के प्रति दृष्टिकोण, संस्कार को दर्शाता है।

यह चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है। इस चुनाव के माध्यम से लोकतंत्र को, विकास को सशक्त करने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है। पत्रकार से रुबरु होते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मेरे यह सौभाग्य रहा कि मैं अमेठी से चुनाव लड़ी। 2014 से लेकर अभी तक भाजपा वहां हर चुनाव जीती है। चाहे वह निकाय का चुनाव हो या विधानसभा चुनाव का। मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद राहुल गांधी अपने लोकसभा क्षेत्र में एक भी चुनाव नहीं जीत पाए और वह जीत का सपना लेकर मध्यप्रदेश आए हैं, राहुल गांधी का यह सपना भी पूरा नहीं होगा।

Home / Sehore / MP ELECTION 2018 : यह चुनावी सभा कम, महिला मिलन समारोह ज्यादा लग रहा है : केन्द्रीय मंंत्री

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो