scriptलोकसभा चुनाव के प्रचार ने पकड़ा जोर, भगवान गणेश की शरण में उम्मीदवार | patrika sehore news | Patrika News
सीहोर

लोकसभा चुनाव के प्रचार ने पकड़ा जोर, भगवान गणेश की शरण में उम्मीदवार

भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर और कांग्रेस से पर्यटन मंत्री सुरेन्द्र वघेल ने ली कार्यकर्ताओ की बैठक

सीहोरApr 20, 2019 / 02:05 pm

Kuldeep Saraswat

sehore

लोकसभा चुनाव के प्रचार ने पकड़ा जोर, भगवान गणेश की शरण में उम्मीदवार

सीहोर. भोपाल संसदीय सीट पर भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशी घोषित होने के बाद चुनाव प्रचार जोर पकडऩे लगा है। शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने ऐतिहासिक चिंतामन गणेश के दर्शन कर क्रीसेंट ग्रीन गार्डन में कार्यकर्ताओं की बैठक की। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के समर्थन में पर्यटन मंत्री सुरेन्द्र सिंह ने शहर के कई वार्डों में कार्यकर्ता बैठक कर पोलिंग बूथ को मजबूत करने की बात कही। सीहोर में शुक्रवार को विदिशा संसदीय सीट से भाजपा के उम्मीदवार रमाकांत भार्गव भी सक्रिय दिखे। भार्गव ने गणेश मंदिर के दर्शन कर भाजपा की जीत का आशीर्वाद मांगा और फिर मीडिया से रुबरु हुए।

महिषासुर अंत के लिए दुर्गा-काली मैदान में है: प्रज्ञा
सीहोर. भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि महिषासुर के अंत के लिए दुर्गा काली मैदान में है। ये धर्मयुद्ध है, जिन्होंने भगवा को आतंक कहा और आतंकियों को जी कहकर सम्मानित किया, उनको इस बार बताएंगे कि भगवा क्या होता है। उन्होंने कहा कि अभिनंदन पर भले ही प्रतिबंध हो, लेकिन मैं तो अभिनंदन करुंगी। सेना की कार्रवाई पर जो सवाल उठाए ऐसी कांग्रेस की मानसिकता पर शर्म आती है। मेरे के लिए यह राजनीति नहीं धर्मयुद्ध है। इस चुनाव में यह तय हो जाएगा कि भगवा आतंक क्या होता है। तय हो जाएगा कि भगवा आतंक कभी नहीं होता, क्योंकि भारतीय संस्कृति सदैव कल्याण के लिए जानी जाती है। कांग्रेसियों को दुश्मन कहकर संबोधित करते हुए साध्वी ने कहा कि यदि इन लोगों ने जरा भी यहां का अन्न जल किया होता तो ये ऐसी बात नहीं करते। इन्होंने स्वयं सेवक संघ को भी संघी आंतकवाद कहा है। इसने भगवा को आतंकवाद कहा है इसका विनाश भी भगवाधारी से ही होगा। दस साल इसने प्रदेश की सत्ता में राज किया, तब भी भगवाधारी को ही आना पड़ा था। उमा भारती ने इसे पराजित किया जिसे लेकर ये 16 साल तक मुंह की खाता रहा। कांग्रेस की तरफ से साध्वी के स्वास्थ्य खराब होने की बात कहकर न्यायालय से होने की बात को लेकर मंच से प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की मां और बेटा जमानत पर है और तकलीफ साध्वी से है। उन्होंने कहा कि उल्टा चुनाव आयोग ने ही मुंह पर तमाचा मार दिया। कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करने से पहले साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने शहर के मंदिरों में दर्शन कर जीत का आशीर्वाद मांगा, उन्होंने गणेश मंदिर में भी दर्शन किए।

चिंतामन गणेश से मांगा आशीर्वाद
सीहोर. विदिशा संसदीय क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार रमाकांत भार्गव ने भी शुक्रवार को एतिहासिक चिंतामन गणेश मंदिर पहुंचकर जीत का आशीर्वाद मांगा है। भगवान गणेश का आशीर्वाद लेने के बाद वे मीडिया से रूबरू हुए। भार्गव ने कहा कि मैं भाजपा का छोटा कार्यकर्ता हूं। विदिशा से अटल जी, सुषमा स्वराज चुने गए हैं। शिवराज सिंह चौहान ने लंबे समय तक इस क्षेत्र का प्रतिनिधत्व किया है। यह मेरे लिए बहुत सौभाग्य की बात है। संगठन में मेरे ऊपर भरोसा व्यक्त किया है, मुझे उम्मीद हैं भाजपा भारी बहुमत से जीतेगी।
हर व्यक्ति दिग्विजय सिंह बनकर काम करें: वघेल
सीहोर. भोपाल संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार दिग्विजय सिंह के समर्थन में शुक्रवार को पर्यटन मंत्री सुरेन्द्र सिंह वघेल ने कार्यकर्ताओं की बैठक की। पर्यटन मंत्री ने हर वार्ड में जाकर प्रमुख-प्रमुख कार्यकर्ताओं से चर्चा की। बैठक को संबोधित करते हुए वघेल ने कहा कि हर पोलिंग बृूथ से दस-दस व्यक्ति की लिस्ट बना लो। हर व्यक्ति दिग्विजय सिंह बनकर चुनाव लड़े। वघेल ने कहा कि भोपाल में महौल बहुत अच्छा है। यदि छोड़ी सी मेहनत कर ली तो यहां भी भारी बहुमत से कांग्रेस की विजय होगी।

Home / Sehore / लोकसभा चुनाव के प्रचार ने पकड़ा जोर, भगवान गणेश की शरण में उम्मीदवार

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो