scriptआधी कीमत में सरकारी धान की नीलामी | Government paddy auction at half price | Patrika News
सिवनी

आधी कीमत में सरकारी धान की नीलामी

खराब धान सरकार के गले की फांस बन गया है। मिलर्स ने मिलिंग से इनकार कर दिया है। भोपाल से ऑनलाइन नीलामी की जा रही है। 1800 से 1900 रुपए प्रति क्विंटल में खरीदे गए धान की नीलामी महज 1000 से 1100 रुपए प्रति क्विंटल में हो रही है। फिलहाल पिछले साल के धान की नीलामी कराई जा रही है। नए धान की मिलिंग धीमी गति से हो रही है। बारिश में धान के भीगने का खतरा मंडरा रहा है।

सिवनीJun 06, 2022 / 07:25 pm

mantosh singh

आधी कीमत में सरकारी धान की नीलामी

आधी कीमत में सरकारी धान की नीलामी

मंतोष कुमार सिंह
छिंदवाड़ा. प्री-मानसून की गतिविधियां आरम्भ हो गई हैं। मानसून भी शीघ्र दस्तक देने वाला है। बरसात से पहले सरकारी धान को सुरक्षित करने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। सिवनी और बालाघाट जिले में बड़ी मात्रा में ओपन कैप में धान रखा हुआ है। धान की गुणवत्ता कम होने से मिलर्स ने मिलिंग से हाथ खड़े कर दिए। मिलिंग नहीं होने से सिवनी में दो साल से ओपन कैप में रखा धान सड़ रहा था। सिवनी में वर्ष 2019-20 और 2020-21 के दो लाख मीट्रिक टन धान की बिक्री सरकार के लिए चुनौती बनी हुई थी। अब मिलिंग से शेष बचे धान की ऑनलाइन नीलामी कराई जा रही है। 1.70 लाख मीट्रिक टन धान की नीलामी हो चुकी है। अभी भी 30 हजार मीट्रिक टन धान की नीलामी होनी है। नीलामी के साथ ही 50 प्रतिशत धान का परिवहन हो चुका है। अगर समय पर परिवहन नहीं हुआ तो बारिश के दौरान समस्या उत्पन्न हो जाएगी। बालाघाट में वर्ष 2020-21 के 62 हजार मीट्रिक टन धान की मिलिंग शेष है। इस धान की नीलामी भी हो रही है।

आधा ही हुआ परिवहन
तीन दिन के अंतराल पर नीलामी की जा रही है। लाट के अनुसार नीलामी की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। अलग-अलग पार्ट में नीलामी हो रही है। नीलामी के अनुसार पैसा जमा कर व्यापारी धान का परिवहन कर रहे हैं। परिवहन धीमी गति से हो रहा है। अभी भी नीलम हो चुका आधे से ज्यादा धान ओपन कैप में पड़ा हुआ है।

वर्ष 2021-22 के धान की मिलिंग
मार्च 2022 से नए धान के मिलिंग का कार्य चल रहा है। सिवनी जिले में 4.70 लाख मीट्रिक टन धान की मिलिंग होनी है। अभी तक 15 से 18 प्रतिशत ही मिलिंग हुई है। बालाघाट में 3 लाख 59 हजार मीट्रिक टन धान की मिलिंग होनी है। 2 लाख 50 हजार मीट्रिक टन धान की मिलिंग के लिए अनुबंध हो चुका है। 164 मिलर्स ने मिलिंग के लिए अनुबंध किया है, इसमें से 118 मिलर्स धान की मिलिंग कर रहे हैं। एक लाख 60 हजार मीट्रिक टन धान का मिलर्स ने उठाव कर लिया है।

बारिश में धान सडऩे का खतरा
समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान को ओपन कैप और वेयरहाउस में भंडारित किया गया है। ओपन कैप में बड़ी मात्रा में धान खुले में पड़ा हुआ है। बरसात सिर पर है। अगर समय पर धान की मिलिंग और परिवहन नहीं हुआ तो भीगने का खतरा उत्पन्न हो जाएगा। भीगने के बाद धान अंकुरित होकर सड़ जाएगा।

ऑनलाइन हो रही नीलामी
ओपेन कैप में मिलिंग से शेष बचे धान को भोपाल से ऑनलाइन नीलाम किया जा रहा है। अब केवल 30 हजार मीट्रिक टन धान की और नीलामी होनी है। लाटवार नीलामी हो रही है। उसी हिसाब से व्यापारी वाहन लगाकर उठाव कर रहे हैं। वर्ष 2021-22 के 4.70 लाख मीट्रिक टन धान के मिलिंग का कार्य मार्च माह से शुरू हुआ है। 15 से 18 फीसदी धान की मिलिंग हो चुकी है।
– विख्यात हिंडोलिया, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम, सिवनी

मिलिंग जारी है
जिले में धान की मिलिंग का कार्य जारी है। 118 मिलर्स मिलिंग का कार्य कर रहे हैं। 2 लाख 50 हजार मीट्रिक टन धान की मिलिंग के लिए अनुबंध हो चुका है। आगामी सितम्बर माह तक धान की मिलिंग होने की संभावना है।
-हीरेन्द्र रघुवंशी, जिला विपणन अधिकारी, बालाघाट

Home / Seoni / आधी कीमत में सरकारी धान की नीलामी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो