सिरफिरे आशिक ने चाकू से हमला कर प्रेमिका के पति को उतारा मौत के घाट
ढाई माह तक प्रेमिका के साथ रहने के बाद पति के पास लौटने से आक्रोशित था आशिक
सिरफिरे आशिक ने चाकू से हमला कर प्रेमिका के पति को उतारा मौत के घाट
सिवनी. डूडासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम बाम्हनदेही में एक सिरफिरे आशिक ने प्रेमिका के पति की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने एक नामजद सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम डोरलीछतरपुर निवासी शेख महमूद (30) की शादी हड्डी गोदाम में हुई थी। उसकी पत्नी का हïड्डी गोदाम निवासी आरोपी आफताब उर्फ चिट्टू से संबंध था। बीते ढाई माह पूर्व मृतक की पत्नी अपने आशिक के यहां चली गई और उसके साथ रहने लगी। बीते एक दिवस पूर्व वह उसके घर से लौटकर पति के यहां आई थी। इससे आक्रोशित होकर उसका आशिक आफताब उसे ढूढते हुए शनिवार की देर शाम डोरलीछतरपुर पहुंचा, जहां वह नहीं मिला। बताया जा रहा है कि महमूद सपरिवार ग्राम बाम्हनदेही स्थित अपने भाई के घर किसी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रात करीब 11 बजे आरोपी आफताब साथियों के साथ ग्राम बाम्हनदेही पहुंचा, वहां पर उसे शेख महमूद मिला, जिस पर चाकू से हमला कर दिया। महमूद के परिजन जब शोर मचाने लगे तो आरोपी साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। परिजन घायलावस्था में महमूद को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज जबलपुर रैफर कर दिया। उपचार के दौरान महमूद की रविवार को मौत हो गई। सिवनी पहुंचने के बाद पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। शाम को उसका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद आरोपी आफताब सहित अन्य आरोपियों की खोजबीन तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी आफताब का एक साथी पुलिस के हत्थे चढ़ा है। वह अभी फरार है। डूडासिवनी टीआई डीके डेहरिया ने बताया कि आरोपी व उसके साथियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
Home / Seoni / सिरफिरे आशिक ने चाकू से हमला कर प्रेमिका के पति को उतारा मौत के घाट