शाहडोल

किसान ने किया इनोवेश, छोटे-छोटे पेड़ों ने बना दिया लखपति

33 हजार के पौधे किसान को अब देंगे 50 लाख से अधिक, किसान की बदलेगी किस्मत

शाहडोलMay 16, 2022 / 12:25 pm

Manish Gite

शहडोल। खेती-किसानी में परंपरागत तरीकों को छोड़कर अब किसान भी नवाचार कर रहे हैं। जिले के अंतिम छोर बमुरा गांव के किसान 1 एकड़ 9 डिसमिल की जमीन पर सागौन के पेड़ के साथ प्याज व धान की खेती कर बेहतर आमदनी कर रहे हैं। किसान कुनई पटेल कम भूमि पर नवाचार किया है। उन्होने 10 साल पहले एक कंपनी से 500 सागौन के पौधे लिए थे। जिसको खेत में लगा दिया व पौधों की देखरेख करना शुरू कर दिया था। किसान को यह अंदाजा नहीं था कि आने वाले दिन में यह छोटे-छोटे पेड़ उसे लखपति बना देंगे। समय बीतता गया और सागौन के पौधे बड़े होते गए। किसान कुनई पटेल ने बताया कि 10 वर्ष पहले एक कंपनी से सागौन के 66 प्रति पौधा के हिसाब से 500 पौधे खरीदे थे। जिसकी कीमत 33 हजार रुपए थी। पौधे में डालने के लिए 7000 का खाद लिया था। किसान ने पौधे लगा दिए थे। जिसमें वर्तमान में अब 450 पौधे तैयार हो चुके हैं, जिसकी बिक्री का सौदा हो रहा है।

 

अतिरिक्त भूमि नहीं, इसलिए धान लगाकर किया नया प्रयोग

किसान के अनुसार, दूसरी भूमि न होने के कारण उसी खेत में प्याज की खेती करना शुरू कर दिया था। यहां पर धान की खेती भी उसी भूमि पर करता है। अच्छा उत्पादन होने पर धान की खेती के बाद प्याज की खेती करना शुरू कर दिया था। जिससे घर में खाने के लिए धान भी निकालना शुरू कर दिया वर्तमान में किसान के पास साल भर खाने के लिए इस खेत से धान भी मिल जाता है। इसके साथ ही एक वर्ष में 25 से 30 हजार का प्याज भी बाजार में बेच लेते हैं।

 

50 लाख का मिल गया ऑफर

10 वर्ष पहले लगाए गए सागौन के पेड़ वर्तमान में तैयार हो गए हैं। जिसको बेचने के लिए किसान ने अपना मन बना लिया है। वहीं जिस कंपनी से किसान ने पौधे लिए थे उस कंपनी के द्वारा किसान को 50 लाख तक का ऑफर दिया है। किसान कुनई पटेल का कहना है कि उसकी रोजी-रोटी का साधन सिर्फ खेती-बाड़ी है। परिवार में 5 सदस्य हैं, जो घर की खेती में मदद करते हैं। 3 माह पहले किसान ने खेत से धान की खेती पूरा करने के बाद प्याज लगाया था। किसान का कहना है कि प्याज से 25 से 30 हजार रुपए कमा लेता है। प्याज से कमाये पैसों से वह घर का खर्चा चलाता है।

 

देखकर दूसरे भी लगा रहे सागौन

बमुरा में किसान कुनई पटेल की मेहनत व लगन को देखते हुए अब आस-पास के किसान भी अपने खेतों में सागौन का पौधा लगना शुरू कर रहे है। कुनई का कहना है कि सागौन के पेड़ को एक कंपनी ने पचास लाख रुपए में लेने को कह दिया है लेकिन कुछ लोगों का कहना है कि यह रकम कम है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.