
Excellence ramp and platform number one will be built at Shahdol railway station, coach indication display
पत्रिका का अभियान रंग लाया
शहडोल. रेलवे स्टेशन में आगामी एक वर्ष के भीतर दिव्यांगों, मरीजों और बुजुर्गों के आवामगन के लिए एक्सीलेटर रैम्प और प्लेटफार्म नम्बर एक में कोच इंडीकेशन डिस्प्ले लगाया जाएगा। इसके अलावा आगामी कुछ महीनों के भीतर ही स्टेशन परिसर में एटीएम, प्लेटफार्म नम्बर एक, दो और तीन में शेड का विस्तार भी कर दिया जाएगा। नागपुर के लिए बरौनी-गोंदिया ट्रेन को इतवारी तक विस्तार किए जाने पर भी विचार किया जा रहा है। इसके अलावा कोयले रैक के लिए रद्द की जाने वाली शटल, अंबिकापुर-जबलपुर सहित अन्य लेट होने वाली ट्रेनों को भी नियंत्रित कर यात्रियों की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। यह जानकारी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक सुनील कुमार सोइन ने शनिवार को शहडोल रेलवे स्टेशन के वीआईपी रूम में पत्रकारों को दी। गौरतलब है कि यात्रियों की उक्त सुविधाओं के लिए पत्रिका ने पिछले १६ दिसम्बर से लगातार यात्रियोंं को होने वाली परेशानियों के समाचारों को प्रकाशित कर रेल प्रबंधन का ध्यानाकर्षित करा रहा है। जिस पर संभागीय मुख्यालय सहित आसपास क्षेत्र के जागरूक लोगों ने गंभीरता से लिया और शनिवार को भारी तादाद में रेलवे स्टेशन में पहुंचकर जीएम से भेंट की और विविध मांगो का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला कांग्रेस कमेटी, जिला महिला कांग्रेस, सीनीयर सिटीजन, रेल यात्री संघ, विराट ऑटो संघ, दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया, वीर अर्जुन, जीआरपी थाना प्रभारी, आल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन, नगर पालिका अध्यक्ष उर्मिला कटारे, नगर पंचायत बुढ़ार अध्यक्ष कैलाश विश्नानी, भाजपा के नगर महामंत्री अंकुश शर्मा, शानउल्ला खान, रेल अधिवक्ता अमरीश श्रीवास्तव सहित अन्य कई संगठन प्रमुखों व निजी लोग शामिल रहे।
देश के पहले रिमोट सिस्टम का किया उद्घाटन
महाप्रबंधक सुनील कुमार सोइन ने देश पहले गुड्स साइडिंग के रिमोटली आपरेटेड सिस्टम का उद्घाटन किया। इस संबंध मे बिलासपुर से आए सीनीयर डीईई टीआरडी डीके सोनवानी ने बताया कि इस सिस्टम के माध्यम से गुड्स साइडिंग के विद्युत पावर में फाल्ट आने पर पावर स्टेशन की आपूर्ति को कंट्रोल किया जाएगा। जिससे अन्य सप्लाई बाधित नहीं होगी और संबंधित खराबी को आसानी से सुधारा जा सकेगा। उन्होने बताया कि यह देश का पहला मॉडल सिस्टम शहडोल में तैयार किया गया है।
पत्रिका के मुद्दों पर जीएम को घेरा
वीआईपी रूम में आयोजित पत्रकार वार्ता में जीएम से पत्रकारों ने यात्री ट्रेनों को रद्द व लेट कर कोयले के रैक को निकालने, रैम्प व कोच डिस्प्ले की सुविधा, नागपुर व मुम्बई के लिए सीधी टे्रन, ट्रेनों में होने यात्रियों के साथ होने वाली लूट व चोरी की घटनाओं, प्लेटफार्म नम्बर एक, दो व तीन में यात्री शेड के विस्तार, रेलवे परिसर में एटीएम व मेडिकल की दुकान सहित अन्य कई मुद्दों पर घेरा। इन सारे मुद्दों पर पत्रिका पिछले १६ दिसम्बर से रेल प्रबंधन व जागरूक नागरिकों का ध्यानकर्षण करा रहा है।
सबको कहा गुड और बाय करके चले गए जीएम
जीएम सोइन की स्पेशल ट्रेन दोपहर १.२० बजे शहडोल आई और वह सीधे वीआईपी रूम में गए। जहां उन्होने लोगों से मुलाकात की। जीएम ने नवीनीकृत चिल्ड्रन पार्क, नवीनीकृत सब डिवीजनल कार्मिक ऑफिस, सब डिविजनल सेक्शन ऑफिस एवं आरपीएफ बैरक का विधिवत उद्घाटन किया। चिल्ड्रन पार्क में महाप्रबंधक एवं अन्य अधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। निरीक्षण और उद्घाटन के दौरान उन्होने हर कार्य को गुड कहा और शाम छह बजे बॉय करके टे्रन से गंतव्य को रवाना हो गए।
बच्चों के साथ किया भांगड़ा, खेला बैडमिंटन
अनुभाग कार्मिक शाखा में नवीनीकृत भवन का उद्घाटन करने जब जीएम सुनील कुमार सोइन पहुंचे तब उनका स्वागत स्काउट के बच्चों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान रेलवे स्कूल के बच्चों ने भांगड़ा नृत्य भी किया। जिसे देखकर जीएम भी थिरकने लगे और उनके साथ अन्य अधिकारियों ने भी थिरकना शुरू कर दिया और बच्चों का जमकर उत्साहबर्धन किया। इसके अलावा जीएम ने नवीनीकृत बाल उद्यान में बैडमिंटन खेल कर कोर्ट का उद्घाटन भी किया।
दाल को बढिय़ा व चावल को कहा घटिया
नगर के चालक परिचालक विश्राम गृह में जीएम सोइन ने नवीनीकृत एसी कमरों का उद्घाटन कर निरीक्षण किया। जहां उन्होने पलंग पर बिछे पुराने गद्दों पर नाराजगी व्यक्त कर उन्हे बदलने को कहा। इसके अलावा उन्होने भोजनशाला में भोजन को चखा और कहा कि दाल तो अच्छी है पर चावल की क्वालिटी अच्छी नहीं है। जिसे सुधारा जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होने रनिंग स्टाफ के अभियांत्रिकी व विद्युत एवं भंडार विभाग को बीस-बीस हजार और उपसंभागीय कार्यालय को पन्द्रह हजार रुपए का एवार्ड घोषित किया।
मरीज यात्री को अनदेखा कर निकल गए जीएम
दोपहरकाल में ब्यौहारी की एक महिला ने अपनी बीमार १८ वर्षीय भतीजी प्रतिभा को इलाज के लिए बिलासपुर ले जाने के लिए स्टेशन पहुंची। जहां जीएम के वाहनों की वजह से उसने भतीजी को गोद में लादकर स्टेशन लाया, मगर उसे बीच रास्ते में ही रोक दिया गया और लंच के बाद दोपहर ३.३० बजे जब जीएम बाहर आए तो वह महिला और उसकी भतीजी को अनदेखा करते हुए आगे बढ़ गए। जिसे देखकर ऐसा प्रतीत हुआ कि जीएम व उनके कारवें को यात्रियों की सुविधाओं से कोई सरोकार नहीं है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
13 Jan 2019, 7:05 AM IST
बड़ी खबरें
View Allशहडोल
मध्य प्रदेश न्यूज़




