ये तस्वीर उस महिला की है जिसे बेटा ना होने पर उसके ही पति ने कत्ल करके उसे दफना दिया। यहां नदी के किनारे पुलिस इसी महिला की लाश तलाश रही है। पुलिस के साथ में उसका पति भी है, जो पुलिस को यहां लाश के गड़े होने की बात कर रहा है। दरअसल थाना जलालाबाद क्षेत्र के गुनारा इलाके में रहने वाले गुडडू की शादी लगभग दस साल पहले प्रेम लता से हुई थी। प्रेमलता के मां बाप हरिणाया में रहने लगे थे। महिला के पिता की मानें तो प्रेमलता की तीन बेटियां पैदा हुईं। लड़का ना होने पर महिला का पति गुडडू उसे अक्सर पीटता था। आरोप है कि 9 अगस्त 2018 को गुडडू ने अपने पिता के साथ मिलकर अपनी पत्नी प्रेम लता की धारदार हथिया से हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देने के बाद पत्नी की लाश को लेकर गांव से 12 किलोमीटर दूर नदी के किनारे दफना दिया। पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार ने फोन के जरिए महिला के पिता को उसकी उसकी हत्या किए जाने की सूचना दी। इसके बाद महिला के पिता ने बेटी के हत्या कर लाश को गायब किये जाने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। महिला के पिता का कहना है कि बेटा ना होने पर ही उसकी बेटी की हत्या की गई है।
इस मामले में एएसपी (ग्रामीण) सुभाष चन्द्र शाक्य ने बताया कि पति गुडडू और उसके पिता मदपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जब घर पर छानबीन की तो वहां खून के कई निशान मिले। पति घर में ताला डालकर फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने पति को गिरफ्तार करके जब कड़ाई से पूछताछ की तो पूरी घटना का खुलासा हो गया। पुलिस ने पति की निशानदेही पर महिला की लाश को नदी के किनारे बने एक गड्ढे से बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी ससुर की तलाश शुरू कर दी है।